जयपुर.
बुधवार को देवउठनी एकादशी के श्रेष्ठ सावे पर शहर में डेढ़ हजार से ज्यादा शादियां होंगी। बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, जौहरी बाजार सहित कई बाजारों में कई बार ट्रैफिक जाम हुआ। सावों के लिए आवश्यक चीजें महंगे दामों में मिल रही हैं।
जयपुर विवाह स्थल समिति के महासचिव रवि जिंदल का कहना है कि इस सावे पर विवाह स्थलों की 95 फीसदी से अधिक बुकिंग पूरी हो चुकी है। इस दिन डेढ़ हजार से अधिक शादियां होंगी।
अब लोगों को मनपसंद विवाह स्थल नहीं मिल रहे हैं। जरूरतमंद लोग जहां भी संपर्क करते हैं, उन्हें पहले से बुकिंग होने की जानकारी मिलती है। इसके बाद 25 नवंबर और 2 दिसंबर का सावा भी अच्छा रहेगा।
मावा 100 रुपए पार
गोपालजी का रास्ता में मावा व्यापारी रामबाबू खंडेलवाल ने बताया कि बड़े सावे पर मावे की मांग बढ़ने से भावों में उछाल आया है। दीपावली पहले मावे के भाव ७0 से ८0 रुपए प्रति किलो थे, जो अब 90 से ११0 रुपए तक पहुंच गए है।
सफेद घोड़ी की मांग ज्यादा
इस बार निकासी और तोरण के लिए लोग सफेद घोड़ी की मांग ज्यादा कर रहे हैं। एक निकासी के लिए सफेद घोड़ी वाले २१00 से 5100 रुपए ले रहे हैं। साधारण घोड़ी वाले भी ११00 सौ से २१00 रुपए तक मांग रहे हैं।
मांग की अधिकता के कारण लोगों को टेंट हाउसों पर भी पर्याप्त सामान नहीं मिल रहा है। बारात के लिए वाहनों की बुकिंग का आलम यह है कि प्राइवेट और निजी बसों के अलावा स्कूल बसें भी बुक की जा रही हैं। बैड-बाजों, बर्फ और फूलमाला वाले भी मौके का फायदा उठा रहे है। बैंड-बाजों की बुकिंग रेट १0 हजार से १५ हजार रुपए चल रही है।
डायमंड ज्वैलरी की मांग बढ़ी
सावों में डायमंड ज्वैलरी का क्रेज बढ़ने लगा है। ज्वैलर संतकुमार खंडाका ने बताया कि परंपरा से हटकर लोग आजकल डायमंड ज्वैलरी की भी मांग करने लगे हैं। साड़ी व कपड़ा विक्रेता त्रिलोकचंद अग्रवाल ने बताया कि आजकल मीडियम क्वालिटी की साड़ियों की अधिक मांग है, जो ३00 से ५000 हजार रुपए तक है। वर्तमान में जारजट, क्रेब, बंधेज और सिफोन का क्रेज अधिक है।
मावे की मिठाई का क्रेज कम
शादियों में दिन-प्रतिदिन मावे की मिठाइयों का क्रेज कम होता जा रहा है। सर्दी का मौसम आने के साथ ही अब शादियों में हलवा बनाया जाएगा। अधिकांश शादियों में गाजर, बादाम और मूंग का हलवा बनाया जाएगा। मिठाइयों में ड्राई फ्रूट से बनी मिठाइयों का प्रचलन बढ़ रहा है।
कई घरों में 10 से 15 निमंत्रण पत्र
तिलक नगर निवासी किशन कुमार अग्रवाल ने बताया कि देवउठनी एकादशी के सावे के 13 निमंत्रण पत्र मिले हैं। प्रधान अध्यापक बद्रीनारायण शर्मा के घर 15 से अधिक निमंत्रण पत्र पहुंचे हैं। परिवार के सभी सदस्य मिलकर हल निकालेंगे सभी जगह किस प्रकार हाजिरी दी जाए।