Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
यशराज बैनर की फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में महिला हॉकी टीम की कप्तान बनीं विद्या मालवदे को इस फिल्म की सफलता का कोई खास फायदा अब तक नहीं मिल रहा था, लेकिन अब उन्हें चंदन अरोरा ने अपनी अगली फिल्म में मुख्य नायिका के किरदार के लिए साइन किया है।
गौरतलब है कि ‘मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं’ जैसी फिल्म बना चुके चंदन अरोरा ‘स्ट्राइकर’ नामक एक फिल्म बना रहे हैं, जो बम विस्फोट में मारे गए एक परिवार की कहानी है। इसमें नायक का किरदार राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘रंग दे बसंती’ से लोकप्रिय हुए सिद्घार्थ निभा रहे है।
विद्या ने बताया, ‘फिल्म का नाम भले ही ‘स्ट्राइकर’ है, लेकिन यह स्पोट्र्स फिल्म नहीं है। अमूमन कैरम खेलने वाले ‘स्ट्राइकर’ का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह फिल्म कैरम पर आधारित नहीं है। हालांकि इस फिल्म में सिद्धार्थ की भूमिका एक कैरम चैंपियन की ही है, लेकिन स्क्रिप्ट में उसे ज्यादा तवज्जो नहीं दी गई है।’
विद्या इसमें एक मराठी लड़की ‘देवी’ का किरदार निभा रही हैं, जो नॉन ग्लैमरस है। विद्या इस प्रस्ताव से काफी खुश हैं। वे कहती हैं फिल्म की कहानी और इसमें उनका किरदार बहुत ही अच्छा है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह फिल्म उनके कैरियर को एक नया आयाम देगी और इसके जरिए वे एक अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो पाएंगी।