मुंबई. बीसीसीआई के साथ सीधी भिड़ंत मोल लेने के बाद मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने क्रिकेट बोर्ड के निर्देशानुसार कॉलम लिखना बंद कर दिया है और इसकी शुरुआत उन्होंने शरद पवार से जुड़े एक मराठी दैनिक अखबार से ही की है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रमुख शरद पवार के भाई के समाचार पत्र सकाल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वेंगसरकर ने अखबार के लिए अपना कॉलम कवर ड्राइव लिखना बंद कर दिया है। यह कॉलम वन डे मैच के प्रीव्यू के तौर पर लिखा जा रहा था। उनका आखिरी कॉलम तयशुदा कार्यक्रम के तहत भारत-पाक के बीच अंतिम वन डे मैच से पहले मिल गया था लेकिन वह प्रकाशित नहीं हुआ।
इससे पहले बीसीसीआई ने वेंगसरकर और चार अन्य चयनकर्ताओं को कॉलम लिखने और मीडिया से बात करने के लिए प्रतिबंधित किया था लेकिन वेंगसरकर ने बोर्ड के आदेश को न मानते हुए कॉलम लिखना जारी रखा था। इस मामले को बोर्ड सचिव निरंजन शाह ने गंभीरता से लिया और वेंगसरकर से आदेश की अवहेलना पर जवाब मांगा।
बोर्ड द्वारा सात सूत्रीय दिशा निर्देश भेजने पर चयनकर्ताओं ने नाराजगी जताई और सोमवार को एक चयनकर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि हम बीसीसीआई के नौकर नहीं हैं और अगर इस तरह के फरमान जारी रहे तो हममें से कुछ पद छोड़ सकते हैं। अपना नाम न बताए जाने की शर्त पर इस चयनकर्ता ने कहा था कि पिछले 15 सालों से कॉलम लिख रहे वेंगसरकर इस फरमान से खासे नाराज हैं।