भोपाल. फर्जी पासपोर्ट मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम को मंगलवार को एक स्थानीय अदालत ने 15 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेजने के साथ ही सलेम को बम विस्फोट कांड में सुनवाई के लिए मुंबई ले जाए जाने की मंजूरी भी दी।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अजय श्रीवास्तव ने आज सलेम की पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया और मुंबई बम ब्लास्ट मामले में टाडा कोर्ट की सुनवाई के लिए सलेम को आर्थर रोड जेल भेजने की इजाजत भी दी।
अगली सुनवाई 5 दिसंबर को तय करते हुए श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि फर्जी पासपोर्ट मामले में पुलिस द्वारा सलेम के खिलाफ चार्ज शीट दाखिल किए जाने पर उसे उनकी अदालत में हाजिर किया जाए।
दूसरी ओर, सलेम के वकीलों मोहम्मद राशिद और पीसी वेदी ने मीडिया को बताया कि पिछले दिनों सलेम की मां का निधन हुआ है और 40वें की धार्मिक रस्म के लिए सलेम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 24 नवंबर को कार्यक्रम में शामिल होना चाहता है।