नई दिल्ली. वन डे सीरीज के बाद गुरुवार से पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैचों की श्रंखला के पहले मैच के लिए भारत के तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ और आरपी सिंह के घायल होने की सूरत में मुनाफ पटेल को टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने एक बयान में कहा कि दोनों तेज गेंदबाजों के चोटिल होने पर मुनाफ पटेल को टीम में शामिल किया गया है। श्रीसंथ को कंधे में चोट आई है लेकिन बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आरपी सिंह को किस तरह की चोट आई है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के आखिरी और पांचवे वन डे मैच में टखने की चोट से पीड़ित हुए विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी की चोट में कुछ सुधार हुआ है। नेट अभ्यास के बाद धोनी ने कहा कि थोड़ा सा दर्द बाकी है और उन्हें उम्मीद है कि यह जल्द ठीक हो जाएगा।
इससे पहले नए टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले और बाकी टीम अभ्यास के लिए फिरोज शाह कोटला मैदान पहुंची जहां सभी ने मुख्य रूप से फील्डिंग का अभ्यास किया। कुंबले और हरभजन ने गेंदबाजी का अभ्यास किया। खिलाड़ियों के साथ गेंदबाजी कोच वेंकटेश प्रसाद और फील्डिंग कोच रॉबिन सिंह भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि इसी मैदान पर पाकिस्तान के ही खिलाफ 1999 में कुंबले ने एक पारी में दस विकेट झटकने का रिकॉर्ड बनाया था।