|
बेंगलोर. जनता दल सेक्युलर के वरिष्ठ नेता एमपी प्रकाश ने कहा है कि कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए पार्टी कांग्रेस को समर्थन देने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले सोमवार को भाजपा से जेडीएस ने समर्थन वापस ले लिया था और राज्य सरकार सात दिनों के भीतर ही गिर गई थी। भाजपाई नेता और मुख्यमंत्री बीएस यदियुरप्पा को इस्तीफा भी देना पड़ा था। पहले भाजपा को समर्थन देने वाली जेडीएस ने फ्लोर टेस्ट के दिन समर्थन वापस ले लिया था। अब जेडीएस ने कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की बात कही है।
केंद्र द्वारा कर्नाटक विधानसभा को भंग किए जाने के बाद नए सिरे से चुनाव का रास्ता साफ करने के बाद आज जेडीएस के 58 विधायकों में से 35 ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही है। इस तरह की रिपोर्ट भी आई है कि प्रकाश के नेतृत्व में जेडीएस के कई विधायकों ने पार्टी प्रमुख एचडी देवगौड़ा के भाजपा से समर्थन वापस लेने के फैसले का विरोध किया है।
प्रकाश ने कहा है कि अगर कांग्रेस सरकार बनाने की पहल करती है तो जेडीएस उसे सहयोग करने के लिए तैयार है। भाजपा बहुमत साबित करने में समर्थ नहीं हुई है और अगर राज्यपाल द्वारा राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करें तो जेडीएस गठबंधन कर सकती है।
गौरतलब है कि कर्नाटक की विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं जिनमें से 79 भाजपा के खाते में हैं और 64 कांग्रेस के पास जबकि जेडीएस के हिस्से में 58 सीटें हैं।