|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनशक्ति पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती ने कहा कि भाजपा की स्थिति राजनीतिक तौर पर कंगालों की तरह हो गई है। वह उपचुनाव में दूसरी पार्टी के नेताओं को प्रत्याशी बनाकर उतार रही है।
सुश्री भारती ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में हुए और हो रहे उपचुनाव में बड़ा मलहरा में कम्युनिस्ट पार्टी के, शिवपुरी में कांग्रेस और अब सांवेर के उपचुनाव में भाजशपा नेता को अपनी पार्टी में लेकर प्रत्याशी बनाया है।
इससे लगता है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता भाजपा के टिकट पर और भाजपा के नेता भारतीय जनशक्ति पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में भाजपा लगातार हार रही है। भाजशपा अध्यक्ष ने कहा कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र और खरगौन लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, प्रत्याशियों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री के डंपर मामले में फंसने पर पूछे जाने पर कहा कि मुख्यमंत्री का पद संवैधानिक है, कांग्रेस में परम्परा रही है कि जब किसी मुख्यमंत्री पर आरोप लगे हैं, उसने पद से तत्काल इस्तीफा दिया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर धारा 420 आदि धाराओं के तहत गंभीर आरोप लगे हैं, उन्हें भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यदि वे अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो इससे भाजपा का चरित्र उजागर होगा कि वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
प्रदेश में बिजली,कानून व्यवस्था व सड़क जैसी समस्याओं के बारे में पूछे जाने पर उनका कहना था कि प्रदेश की जो स्थिति है, वह भाजपा में आ रही गिरावट का नतीजा है। उसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेता जिम्मेदार हैं।
चौथे मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम को लेकर और भाजपा में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बारे में पूछे गए सवालों को वह टाल गईं। भाजशपा के प्रदेश अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा के भाजपा में वापस चले जाने के सवाल पर वह मौन रहीं।