|
भोपाल. राजधानी में पुलिस की चीता और चेतक वाहनों पर घूमने वाले पुलिसकर्मियों को वारंट तामील करने के काम में लगाया गया है, इसके साथ ही शहर में दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।
राजधानी में 10 चेतक (चार पहिया) और 40 चीता (दोपहिया) वाहन हैं। एसपी जयदीप प्रसाद ने बताया कि चेतक-चीता पर तैनात पुलिसकर्मियों के काम का आमतौर पर आकलन नहीं हो पाता। अब इनको वारंट तामील करने और वाहन चैकिंग में लगाया गया है।
इसमें अच्छा काम करने वालों को इनाम दिया जाएगा। जो पुलिसकर्मी, वाहन चोरों और लुटेरों को पकड़ेंगे, उन्हें नकद इनाम दिया जाएगा। बुधवार को चीता-चेतक वाहनों ने करीब 80 वारंट तामील किए और डेढ़ सौ से ज्यादा वाहनों की चैकिंग की।
पौने दो सौ पुलिसकर्मी तैनात होंगे:
जिले में पौने दो सौ नए पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। इसमें सवा सौ पुलिसकर्मी ट्रैफिक में और बाकी थानों में भेजे गए हैं। एसपी जयदीप प्रसाद ने बताया कि ट्रेनिंग से लौटे नव आरक्षकों और लाइन में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक और थानों में भेजा गया है।
एसपी भी कूदे चैकिंग में:
एसपी श्री प्रसाद ने सभी थाना प्रभारियों और सीएसपी को निर्देश दिए हैं, वे अपने समस्त स्टाफ के साथ शाम के वक्त सड़कों पर दिखाई दें। वे खुद भी प्रमुख चौराहों पर खड़ें होकर चैकिंग की समीक्षा कर रहे हैं।
एमपी नगर में युवक को लूटा
एमपी नगर प्रेस कांपलेक्स स्थित अंडरब्रिज पर बुधवार की रात तीन युवकों ने एक युवक की पिटाई कर 1670 रुपए लूट लिए। इस मामले में भीड़ ने एक आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।
पुलिस के अनुसार गौतम नगर पानी की टंकी के नीचे रहने वाला गजेंद्र एक होटल पर काम करता है। बुधवार की रात करीब आठ बजे जब वह घर लौट रहा था तो अंडरब्रिज के नीचे तीन युवकों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर उससे रुपए छीन लिए।
इस बीच वहां एकत्र हुई भीड़ ने भागते हुए एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 394 के तहत कार्रवाई की है।