|
कोटा. इंजीनियरिंग कॉलेज, कोटा के स्टूडेंट्स को प्लेसमेंट के लिए इस साल बड़ी कंपनियों से अच्छे ऑफर मिल रहे हैं। यही कारण है कि अब वे 2 लाख तक के पैकेज ठुकरा रहे हैं। इससे कम पैकेज देने वाली कंपनियां यहां से बैरंग लौट रही हैं। कॉलेज में सितंबर और अक्टूबर तक200 से अधिक छात्रों को 2.50 से 3.50 लाख रुपए के प्रारंभिक सालाना पैकेज मिल चुके हैं।
कंप्यूटर, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिविल ब्रांच के छात्रों को कैंपस इंटरव्यू में कंपनियां पिछली बार से 15 फीसदी ज्यादा सैलेरी पैकेज के ऑफर दे रही हैं। रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में निजी क्षेत्र की कंपनियों में सिविल इंजीनियर्स की मांग इतनी बढ़ गई है कि वे कैंपस भर्ती के लिए बी-2 श्रेणी के शहरों में आ रही हैं। इधर, बुधवार और गुरुवार को जयपुर में ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में हो रहे सत्यम ग्रुप के प्लेसमेंट इंटरव्यू में भी कोटा के छात्रों को बड़े पैकेज मिलने की उम्मीद है।
सिविल इंजीनियरों की मांग
दिल्ली की रियल एस्टेट कंपनी यूनिटेक 29 नवंबर को और सिम्पलैक्स 4 दिसंबर को इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंपस भर्ती के लिए आ रही हैं। दिसंबर में अहमदाबाद की जेएमसी प्रोजेक्ट और दिल्ली की डीएल कश्यप कंपनी भी यहां कैंपस भर्ती करेगी। कॉलेज के 48 प्रथम श्रेणी सिविल इंजीनियरों में से 17 को जॉब ऑफर मिल चुके हैं, शेष 31 छात्रों को उम्मीद है कि उन्हें भी ऊंचे पैकेज पर प्लेसमेंट मिल जाएगी।
कम पैकेज में कैसे मिलेंगे इलेक्ट्रिकल इंजीनियर
राज्य विद्युत निगम की पांचों कंपनियों में जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर नई भर्ती सिर्फ 80 हजार से 1.20 लाख रुपए के प्रारंभिक सालाना पैकेज पर हो रही है। निजी कंपनियों के बड़े पैकेज को देखते हुए भविष्य में बिजली कंपनियों को नए इंजीनियर्स के लिए तरसना पड़ सकता है।