|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
गोल्फ के साथ ही टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ टूरिज्म डिपार्टमेंट 21 से 23 नवंबर तक दूसरे गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है। इस टूर्नामेंट में 10 देशों से 36 एनआरआई और 62 इंडियन गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं।
टूर्नामेंट की शुरुआत बुधवार को चंडीगढ़ गोल्फ क्लब सेक्टर-6 में हुई। इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आए कई एनआरआई गोल्फर्स की टूर्नामेंट के प्रति प्रतिक्रिया इस प्रकार रही-
दिलीप सिंह (यूके) न्यू फ्रेंड्स, न्यू गेम्स, न्यू ग्रीन्स..चंडीगढ़ टूरिज्म डिपार्टमेंट का एनआरआईज को वापस अपने देश की मिट्टी से जोड़ने का यह बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। इस टूर्नामेंट में गेम के साथ-साथ फन का भी अच्छा मौका मिलेगा। यह कहना है 2 साल पहले ही गोल्फ खेलना शुरू करने वाले दिलीप सिंह का।
वह कहते हैं कि वे प्रोफेशनल गोल्फर नहीं हैं, लेकिन उम्मीद है कि तीन दिन के गेम में कुछ न कुछ हासिल करके ही लौटेंगे। सेक्टर-9 चंडीगढ़ में उनकी अपनी कोठी है, पर वे इंडिया कम ही आते हैं। इस टूर्नामेंट के जरिए अपने शहर के गोल्फ कोर्स पर खेलने का अच्छा मौका मिला है। इस टूर्नामेंट में सबसे अच्छी बात यह है कि जगह-जगह पर गोल्फर्स के लिए खाने-पीने का इंतजाम है, जैसा विदेश में नहीं होता।
हरप्रीत सिंह चीमा (लंदन):
30 साल से यूके में बस चुके गुरदासपुर के हरप्रीत सिंह को इस टूर्नामेंट की जानकारी अपने दोस्त से मिली। हालांकि उन्हें इस समय नौकरी से छुट्टी मिलना मुश्किल था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि चंडीगढ़ में गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए टूर्नामेंट होगा, जिसमें विदेशों में बसे भारतीयों को खासतौर से खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, तो उन्होंने इस टूर्नामेंट में खेलने का मन बना लिया। हरप्रीत को चंडीगढ़ गोल्फ क्लब का कोर्स तो बहुत अच्छा लगा, लेकिन आज के फ्रंट 9 होल में उनका गेम बेहतर नहीं रहा। पहली बार इस कोर्स पर खेलते हुए उन्होंने दूसरे गोल्फर्स के साथ खूब एन्जॉय किया।
जोगेश्वर सिंह (स्विट्जरलैंड)
पिछले 25 साल से स्विट्जरलैंड में रह रहे जोगेश्वर सिंह इस टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि जोगेश्वर सिंह चंडीगढ़ में ही जवान हुए हैं। उन्होंने स्कूलिंग जीएमएसएसएस-16, कॉलेज डीएवी-10 से की।
पोस्ट ग्रेजूएशन पीयू के फिजिक्स डिपार्टमेंट से की। परंतु नौकरी के लिए स्विट्जरलैंड क्या गए, फिर चंडीगढ़ आने का मौका ही नहीं मिला। वह कहते हैं चंडीगढ़ टूरिज्म डिपार्टमेंट का टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए यह एक बेहतरीन कदम है। उनका मानना है कि विदेश में गोल्फ का बहुत क्रेज है। वहां के अमीर लोगों को चंडीगढ़ बुलाने में गोल्फ अहम रोल अदा कर सकता है। इससे चंडीगढ़ का नाम वल्र्ड मैप में उभरते गोल्फ कोर्स में शामिल हो जाएगा, जिससे टूरिज्म को आने वाले समय में बहुत फायदा होगा। अगली बार जोगेश्वर फैमिली के साथ आने का इरादा रखते हैं।