|
इंदौर. मौसम का मिजाज अब पूरी तरह ठंडा हो चला है। सुबह-शाम की ठंड सताने लगी है जबकि दोपहर की गुनगुनी धूप सुहा रही है। गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा लेकिन रात एकदम ठंडी थी। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पारा 9.6 डिग्री तक पहुंचा जो सामान्य से एक डिग्री कम था।
दीपावली के दौरान हुई आतिशबाजी व प्रदूषण के कारण आसमान में बना धुएं का घेरा भी गुरुवार को थोड़ा बिखरा और वातावरण में गरम गैसेस ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाई। तापमान में हल्की बढ़त के बाद भी ठंड ज्यादा महसूस की गई क्योंकि हवा 20-25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही थी।
इन दिनों दिन की शुरुआत एकदम ठंडी हो रही है। 9-10 बजे बाद जैसे-जैसे सूरज का रंग जमता है ठंडक कम हो जाती है लेकिन सूर्यास्त के ठीक पहले फिर ठंडी हवा चलने लगती हैं। डायरेक्टर डी.पी. दुबे के अनुसार इस हफ्ते मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैं। खंडवा में शीतलहर चल रही है जिसे इंदौर तक पहुंचने में थोड़ा वक्त लगेगा।