|
जयपुर/चित्तौड़गढ़. सांवलियाजी के दर्शन कर जयपुर लौट रहे विधायक कालीचरण सर्राफ व उनका परिवार गुरुवार रात गंगरार के पास हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बचा। विधायक की कार दो वाहनों के बीच पिचक गई। इस हादसे के बाद विधायक जयपुर की यात्रा स्थगित कर चित्तौड़गढ़ में ही रूक गए।
विधायक सर्राफ अपनी पत्नी, बहन व बच्चे के साथ गुरुवार शाम सांवलियाजी से जयपुर लौट रहे थे। भीलवाड़ा मार्ग पर गंगरार थाना क्षेत्र में एबीसी होटल के समीप एक ट्रोले के अचानक ब्रेक लगा देने से उसके पीछे चल रही एक अन्य कार उसमें जा घुसी। इस कार के पीछे चल रही सर्राफ की सफारी गाड़ी उससे जा टकराई। इस बीच पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रोले ने विधायक सर्राफ की सफारी गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे सफारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्र के कई भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
हादसे से सकते में आया सर्राफ परिवार बाद में जयपुर जाने की बजाय वहां से गुजर रही अतिरिक्त कलेक्टर राजेन्द्रसिंह शेखावत की गाड़ी से रात करीब पौने दस बजे चित्तौड़गढ़ के सर्किट हाउस पहुंचा। सर्राफ ने बाद जयपुर अपने परिजनों को हादसे एवं कुशल होने की सूचना दी। स्थानीय सांसद कृपलानी, विधायक अशोक नवलखा आदि ने सर्राफ से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछीं।