|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. एमजी रोड स्थित एक इलेक्ट्रानिक्स दुकान से आज सुबह व्यापारी का बैग पार हो गया। इसमें नगदी समेत दो लाख रुपए के रिचार्ज वाउचर थे। गुरुनानक चौक के पास आकाश इलेक्ट्रानिक्स के संचालक आकाश शादिजा सुबह 9.30 बजे अपनी दुकान का शटर खोल रहे थे, तभी किसी ने उनका बैग इतनी सफाई से उड़ा लिया कि पता ही नहीं चला।
ताला खोलने के बाद उन्हें मालूम हुआ कि उनका बैग गायब है। बैग में 37 हजार रुपए नगदी, कुछ मोबाइल सैट और डेढ़ लाख से ज्यादा के रिचार्ज वाउचर वाउचर थे। बैग गायब होते ही आकाश हड़बड़ा गए।उन्होंने थोड़ी देर तक आसपास बैग तलाशने की कोशिश की। नहीं मिलने पर मौदहापारा पुलिस को सूचना दी। क्राइम स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया। नाकेबंदी करने के बावजूद पुलिस को रात तक किसी गिरोह का सुराग नहीं मिला।
आकाश अवंतिविहार के रहने वाले हैं। सुबह वे मोटरसाइकिल से अपने 70 वर्षीय दादा राधाकिशन शादिजा के साथ दुकान पहुंचे। बाइक चलाते हुए उन्होंने लैदर बैग कंधे पर टांग रखा था। दुकान पहुंचने पर उन्होंने बैग निकालकर नीचे रख दिया और शटर का ताला खोलने में जुट गए।
उस समय दोनों का चेहरा शटर की तरफ था। ध्यान हटते ही पीछे से कोई बैग लेकर भाग निकला। दुकान संचालक की शिकायत पर फिलहाल मौदहापारा थाने में धारा 379 के तहत जुर्म दर्ज कर पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
तेलीबांधा में दस्तावेज मिले :
घटना के एक-डेढ़ घंटे बाद दुकान के संचालक को उनके एक परिचित ने तेलीबांधा से फोन पर सूचना दी कि उनके कागजात किसी ने पालीथिन की थैली में डाल कर उनकी मोटरसाइकिल में लटका दिया है। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस के अलावा एटीएम कार्ड और दुकान से संबंधित कागजात शामिल हैं। पुलिस इस बात की तहकीकात में जुट गई कि मौदहापारा में उठाईगिरी के बाद आरोपी तेलीबांधा कैसे पहुंचे।
दर्जनभर मामले :
पुलिस लगातार हो रही उठाईगिरी की वारदात रोकने में नाकाम है। पांच-छह दिन पहले एसबीआई की कचहरी शाखा में एक ही दिन में दो रिटायर्ड कर्मचारी उठाईगिरी के शिकार हो गए।
पुलिस की र्स्िचग के बावजूद वहां गिरोह ने बड़ी सफाई से बैग काटकर वारदात की, जिनका पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई। नवंबर के पहले सप्ताह में एक ही दिन में उठाईगिरी की दो बड़ी वारदात हुईं। बस स्टैंड इलाके में एक फैक्ट्री ठेकेदार का चलते-चलते बैग पार हो गया। वहीं इसी दिन सुबह स्टेशन चौक स्थित एक दुकान से पैसों का बैग गायब हो गया।