|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से एक रावत नर्तक की मौत हो गई, वहीं दो अन्य घायल हो गए। घायलों को सिम्स रवाना किया गया है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बेलतरा के रावत नर्तक मेनरोड के पास नाच-गा रहे थे। इसी दौरान कोरबा की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 10 सी 1180 के चालक ने रावत नर्तकों पर गाड़ी चढ़ा दी।
हादसे में बेलतरा के 35 वर्षीय दुर्गेश यादव पिता गोकुल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं टिंगाली यादव (25) व संतोष यादव उर्फ छोटू (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
इधर घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक अपने कब्जे में ले लिया। घायलों को तत्काल सिम्स के लिए रवाना किया गया।
पुलिस की समझाइश पर ग्रामीण चक्काजाम नहीं कर पाए। लाश का पंचनामा करने करने बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 304ए, 279, 337 के तहत मामला कायम कर लिया है।
दो ट्रकों में भिड़ंत, रायपुर मार्ग जाम
दो ट्रकों में भिडं़त हो जाने से गुरुवार की रात रायपुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर सरगांव के समीप जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक आज रात करीब 11 बजे सरगांव के समीप दो ट्रक आमने-सामने से भिड़ गए।
टक्कर के बाद दोनों ट्रक सड़क पर ही फंस गए, जिससे रास्ता जाम हो गया। धीरे-धीरे सड़क पर वाहन की कतार लगनी शुरू हो गई। खबर लिखे जाने तक दोनों ओर एक-एक किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई थी।