|
अयोध्या. अयोध्या के महंत नृत्य गोपालदास को कुख्यात आतंकी संगठन अल कायदा का एक धमकी भरा पत्र मिला है जिसमें उन्हें अपने अनुयायियों समेत इस्लाम अपनाने को कहा गया है। ऐसा न करने पर उन्हें मौत की धमकी दी गई है। शहर के एसपी गोपेश नाथ खन्ना के मुताबिक मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। महंत की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
उत्तराखंड के हरिद्वार की मुहर लगा यह पत्र गुरुवार सुबह राममंदिर आंदोलन के एक कार्यकर्ता को मिला था। महंत नृत्य गोपालदास ने बताया कि संत ऐसी किसी धमकी से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि हमने भगवान राम के लिए ही जन्म लिया है और उनके लिए जान भी दे सकते हैं। उन्होंने विवादित स्थल पर राममंदिर बनाने की अपनी प्रतिज्ञा दोहराते हुए कहा, देखते हैं अल कायदा क्या कर सकता है।
गौरतलब है कि कुछ साल पहले वे उस वक्त बाल-बाल बचे थे, जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर बम फेंक दिया था। उस समय वे राम की पैड़ी पर पवित्र स्नान करने जा रहे थे।