|
कोटा. आयकर विभाग ने कोटा चार्ज (क्षेत्र) के 2813 पैन कार्ड को (परमानेंट अकाउंट नंबर) निरस्त किया हैं। इन लोगों ने जाने-अंजाने में दो-दो पैन कार्ड हासिल कर लिए थे।
आयकर विभाग के कोटा चार्ज में करीब दो लाख असेसी (कार्डधारक और करदाता) हैं। विभाग के मुताबिक इनमें से कुछ लोगों को डबल कार्ड जारी हुए थे, जिन्हें विभाग ने निरस्त कर दिया है। उनके मुताबिक कोटा चार्ज (क्षेत्र) में तीन रेंज आती हैं, इनमें प्रथम रेंज के 1 हजार 384, द्वितीय रेंज के 550, तीसरी रेंज के 879 कार्ड निरस्त किए गए हैं।
डबल कार्ड जारी होने का खुलासा पैन कार्ड डायरेक्ट्री से हुआ था। इसके बाद डबल पैन कार्ड बना चुके लोगों से विभाग ने पत्र भेज कर पूछा कि आप दोनों में से कौनसा कार्ड उपयोग करना चाहते हैं, जिसे निरस्त करना हो सूचित करें। इसके बाद विभाग के पास आए पत्रों में पेन कार्डधारकों ने लिखा कि उन्हें पहले वाला कार्ड नहीं मिला है। इसलिए यदि उनके नाम से पहले जारी हुआ कार्ड हो तो उसे निरस्त कर दें। इसके बाद विभाग ने 2813 कार्ड निरस्त कर दिए।
कार्ड दूसरी बार क्यों बने
50 हजार से अधिक आय वाले लोगों के लिए पैन कार्ड जरूरी है। बिना इसके रिटर्न फाइल नहीं कर सकते। इसलिए कई लोगों ने पैन कार्ड के लिए आवेदन किया। कुछ लोगों के लंबे समय तक कार्ड जारी नहीं होने पर उन्होंने दुबारा आवेदन कर दिया। इस तरह कुछ लोगों को पास डबल पैन कार्ड पहुंच गए।
कोटा चार्ज में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है, जिसमें कार्ड का दुरुपयोग हुआ हो। आजकल तो ऑन लाइन सिस्टम है यदि कोई दुरुपयोग करेगा तो पकड़ा जाएगा।
—बी. एस. वर्मा, आयकर आयुक्त