|
उदयपुर. शहर के समीप उदयपुर-नाथद्वारा रोड पर भुवाणा में दो रिसोर्ट के लिए जमीन की नीलामी में राजस्थान से बाहर के बिल्डरों ने दस्तक दी है। यूआईटी की ओर से रखी गई नीलामी में मुंबई और गाजियाबाद की कंपनियों ने साढ़े 39 करोड़ रु. की अधिकतम बोली लगाई है।
यूआईटी सभागार में दोपहर ढाई बजे नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई। पहले सुखेर स्थित 13.70 हैक्टेयर जमीन के लिए बोली 55 रुपए प्रति वर्ग फीट से शुरू हुई। इसके लिए मुंबई की एब्रान आर व गाजियाबाद की अल्ट्रा होम कंस्ट्रक्शन कंपनी के बीच काफी देर तक मुकाबला चला। अंत में गाजियाबाद के प्रतिनिधि ने प्रति वर्ग फीट सर्वाधिक 86 रु. की बोली लगाकर भूखंड अपने नाम करा लिया। इससे यूआईटी को 12 करोड़ 67 लाख 74 हजार 320 रुपए प्राप्त हुए।
दूसरे भूखंड पहाड़ीनुमा प्राकृतिक व्यू के 22.40 हैक्टेयर भूखंड की नीलामी बोली प्रति वर्ग फीट 55 रुपए से शुरू की। इस भूखंड के लिए 25 पैसे से लेकर 10 रुपए के अंतर से बोली आगे बढ़ी। मुंबई की एब्रान आर. ने 111.60 रुपए प्रति वर्ग फीट बोली लगाकर भूखंड खरीद लिया। इस भूखंड की नीलामी से प्रन्यास को 26 करोड़ 89 लाख 82 हजार 784 रुपए की प्राप्ति हुई।
11 कंपनियां आईं : इन दोनों नीलामी में नोएड़ा, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कोटा, उदयपुर व जोधपुर की 11 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अमानत राशि 20 लाख रुपए रखी गई थी। यूआईटी चेयरमैन शिवकिशोर और ट्रस्टी पारस सिंघवी, सुनील कोठारी, धनपाल स्वामी, यूआईटी सचिव उज्ज्वल राठौड़, अधीक्षण अभियंता आरके संभानी, अधिशासी अभियंता केडी सांदू व लेखाधिकारी बीपी शर्मा उपस्थित थे।