Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

22 दिन, कैसे बनेंगी दुकानें?

ग्वालियर. fair एक जनवरी से प्रारंभ होने वाला ग्वालियर व्यापार मेला इस बार अपने नियत समय से प्रारंभ हो पायेगा? यह सवाल सबकी जुबान पर है, कारण मेला शुरू होने की तिथि में मात्र बाइस दिन का समय बाकी होना है। इस समय तक अग्निकाण्ड से क्षतिग्रस्त हुई 400 दुकानों का दोबारा से निर्माण करा पाना मुश्किल लगता है।

मेला प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि वे दुकानों का निर्माण समय रहते पूरा कर लेंगे। जबकि प्रशासन की ओर से प्राधिकरण को क्षतिपूर्ति के रूप में मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रक्रिया अभी अपने प्रारंभिक चरण में ही है। प्राधिकरण के दावों के इतर इतने कम समय और धनराशि के अभाव में मेला सही समय पर प्रारंभ हो सकेगा इसमें तमाम आशंकाए नजर आती हैं।

प्रशासन की उपेक्षा और व्यापार के गिरते ग्राफ के कारण साल दर साल घाटे में जा रहे मेला को इस बार तगड़ा झटका लगा है। एक तो धनतेरस के दिन हुए भीषण अग्निकाण्ड के कारण चार सेक्टर की लगभग चार सौ दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से मेला प्राधिकरण को जहां लगभग तीन करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

वहीं इस घटना से मेला नियत समय से प्रारंभ होने में भी आशंका है, जिससे मेले के व्यापार में कमी आना लगभग तय है। ऐसे में मेला प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि मुआवजा राशि मिलने या न मिलने का मेला प्रारंभ होने पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मेला तो अपने नियत समय से ही प्रारंभ होगा। गौरतलब है कि पिछले कई सालों से मेले का उद्घाटन एक जनवरी से होता है, जो 31 जनवरी तक चलता है।

मेला शुरू होने के लगभग 15 दिन पहले ही विभिन्न कंपनीज व बाहर से आने वाले व्यापारी अपनी-अपनी दुकान सजाने का काम शुरू कर देते हैं। इस हिसाब से हर साल मेले में 15 दिसंबर से दुकाने सजने का काम शुरू हो जाता है। लेकिन इस बार ऐसा हो पाना संभव नहीं लगता। क्योंकि मेले में क्षतिग्रस्त हुई दुकानों का मलवा अभी हटना प्रांरभ हुआ है।

इसके बाद निर्माण के लिए बुलाए गए टैण्डर खुलेंगे और ठेकेदारों को निर्माण का ठेका दिया जाएगा। इस सारी प्रक्रिया में भी लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा। इस ओर न तो शासन, न प्रशासन और न ही किसी राजनेता की नजर है। जानकारी के अनुसार मेला प्राधिकरण ने शासन से क्षतिपूर्ति की एक रिपोर्ट भी उद्योग सचिव को भेज दी है। जिसमें लगभग तीन करोड़ रुपए की मांग की गई है।

>> दुकान निर्माण के लिए अभी व्यापारियों से बातचीत चल रही है। हमनें ठेकेदारों से टेण्डर भी बुलाए हैं। मुआवजा राशि का निर्माण कार्य से कुछ लेना-देना नहीं है। मेला तो अपने नियत समय से ही प्रारंभ होगा।
अनुराग बंसल अध्यक्ष ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण
>> मेले की क्षतिग्रस्त दुकानों का मलवा हटाने का काम चल रहा है और अगले एक-दो दिन में यह मलवा हटा लिया जाएगा। हमने दुकानों के निर्माण के लिए टेण्डर भी बुलाए हैं और दिन-रात एक कर कोशिश कर रहे हैं कि मेला समय से ही शुरू हो सके।
अरुण श्रीवास्तव सचिव ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: