नई दिल्ली. फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे पहले भारत-पाकिस्तान टैस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तान की पहली पारी 231 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली क्रीज पर जमे हैं। अभी भारत ने अपने खाते में 3 विकेट खोकर 73 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया है।
इससे पहले वसीम जाफर पहले विकेट के रूप में 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कार्तिक ने 9 रन बनाए और एलबीडब्ल्यू का शिकार हुए। सचिन खाते में एक रन ही डाल सके और रन आउट हो गए।
टेस्ट मैच के पहले दिन यानी पाकिस्तान ने आठ विकेट पर 210 रन बनाए थे। शुक्रवार सुबह मिस्बाह 82 रन बनाकर रन आउट हो गए जबकि दानिश कनेरिया को कुंबले ने खाता खोलने का मौका ही नहीं दिया और बोल्ड आउट किया। मोहम्मद समी 28 रन बनाकर नॉट आउट रहे थे।
भारत की ओर से टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन कर 4 विकेट लिए थे। जहीर ख़ान ने दो विकेट झटके। गांगुली, हरभजन और मुनाफ पटेल ने एक-एक विकेट लिए।
मैच के पहले दिन पाकिस्तान ने टॉस जीतकर जब बल्लेबाज़ी की शुरुआत की तो उसे जल्द ही कई झटके लगे। पाकिस्तान की ओर से सलमान बट्ट और यासिर हमीद सलामी बल्लेबाज़ी करने उतरे लेकिन बट्ट शुरू से ही जहीर के गेंदों के सामने असहज दिखाई दे रहे थे। यूनिस ख़ान सात रनों के निजी स्कोर पर ज़हीर की गेंद पर मुनाफ पटेल के हाथों लपके गए।
मोहम्मद यूसुफ़ 27 रन बनाकर गांगुली की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए तो कप्तान शोएब मलिक बिना खाता खोले मुनाफ़ की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमा बैठे। मात्र 83 रनों के स्कोर पर ही पांच अहम विकेट गिर चुके थे। इसके बाद पारी कुछ संभली पर पहले दिन का तीन का ख़ेल ख़त्म होने तक तीन और विकेट गिर गए थे। मिस्बाह-उल हक़ ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और कुल 82 रन बनाए। वे आज सुबह रन आउट हुए।