|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राजधानी से करीब 25 किमी दूर चंदखुरी में बच्ची से छेड़छाड़ के मामले पर तनाव गहराने लगा है। छेड़छाड़ का आरोप सीआरपीएफ के जवानों पर लगा है। गांववालों ने छेड़छाड़ के बाद सीआरपीएफ का कैंप हटाने के लिए मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को बड़ी संख्या में गांववाले रायपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन तेलीबांधा थाने के पास उनकी गाड़ियां रोक ली गईं। बाद में गांववालों के प्रतिनिधिमंडल को एसपी से मिलने की इजाजत दी गई।
मंदिरहसौद के कांग्रेस विधायक तथा पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों के दल ने एसपी अमित कुमार से एक घंटे चर्चा की और सीआरपीएफ कैंप से होने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। गांववालों ने मांग की कि कैंप को तत्काल बाराडेरा स्थित मुख्यालय में शिफ्ट कर दिया जाए। गांववालों ने उन जवानों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने छेड़छाड़ की घटना के बाद क्रुद्ध ग्रामीणों पर लाठियां बरसा दी थीं।
एसपी ने कैंप के कमांडेंट सुनील कुमार को भी बुलवा लिया था। श्री कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दल में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रमोद तिवारी, सहकारी बैंक अध्यक्ष जितेंद्र सोनकर, शाला विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर आदि शामिल थे।
टीआई की शिकायत :
चंदखुरी के ग्रामीणों ने छेड़छाड़ की घटना के बाद मंदिरहसौद पुलिस के बर्ताव पर भी कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद महिला टीआई गांव तो पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और बालिका से बात तक नहीं की। जब एसपी ने निर्देश दिया, तब टीआई ने बालिका का बयान लिया। सूत्रों ने बताया कि इस शिकायत पर एसपी ने इलाके के सीएसपी से हफ्तेभर में जांच पूरी कर रिपोर्ट मांगी है।
घंटों बाद कार्रवाई :
चदंखुरी फार्म में छेड़छाड़ की घटना शाम को हुई थी। पुलिस आज दोपहर तक हरकत में नहीं आई। जब भीड़ का दबाव बढ़ा, तब आज क्राइम रजिस्टर हुआ। इसके बाद जवान को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सीआरपीएफ के आला अफसर भी एलर्ट हो गए। उन्होंने तत्काल संबंधित जवान के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए।
जवानों का हुक्का-पानी बंद :
छेड़छाड़ के विरोध में चंदखुशी मार्केट बंद रहा तथा स्थानीय व्यापारियों ने तय किया कि सीआरपीएफ कैंप में सामान सप्लाई नहीं किया जाएगा। व्यापारियों के मुताबिक चंदखुरी ही नहीं, सीआरपीएफ जवानों से मुनगेसर, नगपुरा, मुरैठी और बहनाकाड़ी समेत आसपास के आधा दर्जन गांव के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि चंदखुरी पुलिस अकादमी के लोगों से उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
छत्तीसगढ़ में हाईअलर्ट :
उत्तर प्रदेश के तीन शहरों में सीरियल ब्लास्ट के बाद छत्तीसगढ़ में पुलिस को हाईअलर्ट कर दिया गया है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक संस्थानों और प्रमुख कार्यालयों में पुलिस को विशेष चौकसी रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी विश्व रंजन ने कहा कि राज्य की पुलिस पूरी तरह सतर्क है।