|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शहरवासी एक बार फिर जोरदार धमाकों की आवाज से चिंतित हो उठे। घरों व आफिसों में बैठे लोग भूकंप के झटके समझकर बाहर निकल आए। ये धमाके एयरफोर्स के लड़ाकू विमान की तेज गति से हुई उड़ान के कारण उत्पन्न हुए थे।
एयरफोर्स सूत्रों के अनुसार, लड़ाकू विमान का पायलट जब आसमान में विमान की गति बढ़ाता है, तब इस तरह की जोरदार आवाज होती है। शुक्रवार की दोपहर तीन बजे के करीब लड़ाकू विमान प्रेक्टिस की उड़ान पर था, तभी विमान ने साउंड बैरियर क्रास किया। उसकी वजह से तीन बार जोर का शोर (सोनिक बूम) सुनाई दिया। विमान के शोर से शहर व उसके आसपास के घरों के खिड़कियां व दरवाजे हिल उठे।
घरों में बैठकर भारत-पाक टेस्ट का आनंद ले रहे लोग घबराकर बाहर निकल आए। शहरवासी चिंतित हो उठे कि बृहस्पतिवार को भी धमाका हुआ और आज भी, आखिर कारण क्या है? इस बार भी लोगों ने पुलिस कन्ट्रोल रूम, अखबारों के दफ्तर भी फोन लगाए लेकिन उन्हें कहीं से धमाकों का कारण मालूम नहीं पड़ा। कल की तरह इस बार भी कुछ लोगों ने भूकंप की आशंका जताते हुए मौसम विभाग के दफ्तर फोन लगाया लेकिन वहां से पता चला कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
बोस्टन कालेज के संचालक राकेश पांडे ने बताया कि दोपहर में हुए तेज धमाकों से कालेज में लगे कांच टूटकर नीचे गिर पड़े। स्टाफ व छात्र-छात्राएं घबराकर बाहर निकल आए।
दोपहर तीन बजे के करीब धमाकों जैसी आवाज मिराज से आई थी। उसके चालक ने साउंड बैरियर क्रास किया था इसलिए तेज आवाज गूंजी है। इस तरह की आवाज से शहरवासियों का नुकसान नहीं होगा।
- सीपी कैनेडी एयरफोर्स प्रवक्ता