|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. उत्तरप्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, फैजाबाद शहरों में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद शिवपुरी श्योपुर और दतिया जिले में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। यहां रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिनेमाघर व सार्वजनिक स्थलों पर चौकसी बढ़ाने के साथ ही मुख्य मार्गो पर भी वाहनों की कड़ी चेकिंग शुरू कर दी गई।
उत्तरप्रदेश के लखनऊ, फैजाबाद और वाराणसी में शुक्रवार को सीरियल ब्लास्ट हुए। इन बम धमाकों के बाद पूरे देश में सतर्कता बढ़ाई गई। इसी क्रम में शिवपुरी जिला मुख्यालय समेत सभी तहसील व कस्बानुमा इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई। मुख्यालय पर इसका असर साफ देखा गया।
इसके चलते एसपी दिनेश चंद्र शर्मा ने विशेष तौर पर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिर, मस्जिद, न्यायालय व ऐसे सार्वजनिक स्थलों पर ध्यान केन्द्रित किया, जहां किसी प्रकार की गड़बड़ी की जरा भी संभावना हो सकती है।
एसपी श्री शर्मा ने बताया कि यूपी के सीरियल ब्लास्ट के बाद ऐहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की गई है। इसके तहत ही मुख्य मार्गो पर बाहर से आने वाले वाहनों की तलाशी का अभियान भी शुरू किया गया है, ताकि कोई भी आपराधिक तत्व जिले की सीमा में प्रवेश करने से पूर्व ही धर लिया जाए।