bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

भू परिवर्तन दरें 40 गुना महंगी

जयपुर. राज्य सरकार ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर कृषि भूमि का व्यावसायिक उपयोग के लिए परिवर्तन कराने की दरों में लगभग 40 गुना बढ़ोतरी की है। अब ऐसे मामलों में सभी क्षेत्रों के लिए समान रूप से दरें लागू होंगी। जेडीए रीजन में यह दर 400 रुपए प्रति वर्गगज होगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में ये इससे कम रहेंगी।

अभी तक जेडीए ऐसे मामलों में शहरी सीमा से 5 किलोमीटर की परिधि में 10 रुपए प्रति वर्गगज और पैराफेरी बैल्ट में 30 रुपए प्रति वर्गगज की दर से राशि वसूल रहा था। इसके विपरीत यदि कोई आवासीय भूमि को व्यावसायिक में परिवर्तित कराता है तो उसे उस क्षेत्र की आवासीय आरक्षित दर का 40 फीसदी कनवर्सन दर से भुगतान करना पड़ता था।

स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार कृषि से सीधे व्यावसायिक भूमि उपयोग की दरें काफी कम होने से स्थानीय निकायों को आर्थिक नुकसान हो रहा था। जयपुर जेडीए रीजन में औसतन 20 प्रकरणों में कृषि भूमि को सीधे व्यावसायिक उपयोग के लिए परिवर्तन कराया जाता है।

ये होंगी भू-परिवर्तन दरें
* जयपुर जेडीए रीजन में 400 रुपए वर्गगज
* भरतपुर को छोड़कर संभागीय मुख्यालय 360 रुपए प्रति वर्गगज
* एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 320 रुपए प्रति वर्गगज
* एक लाख से कम आबादी वाले कस्बों में 240 रुपए प्रति वर्गगज

जोन अंतर खत्म
नई टाउनशिप पॉलिसी में जोन अंतर समाप्त कर दिया गया है। पॉलिसी के तहत ही सभी क्षेत्रों के लिए समान रूप से कनर्वसन दरें तय की गई हैं। मौजूदा समय में जब जमीनों के भाव दो हजार रुपए प्रति वर्गगज से ज्यादा हों तो ये कनवर्सन दरें ज्यादा नहीं हैं।
—परविंदरसिंह पंवार, प्रमुख सचिव, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास विभाग





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: