bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जेडीए की महिला इंस्पेक्टर रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार

जयपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की सहकारिता निरीक्षक पार्वती को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है, लेकिन काफी तलाशी के बाद भी आरोपी के घर से रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो पाई। हालांकि, छापामार टीम ने जब आरोपी के हाथ धुलवाए तो उनमें रंग आ गया। आरोपी को महिला थाने भेज दिया गया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

एसीबी को सिरसी रोड ऑफिसर्स कैंपस निवासी राजवीर सिंह ने शिकायत की थी कि उसने अपने 366 वर्गगज के प्लॉट का पट्टा लेने के लिए जेडीए में आवेदन किया था। दो अन्य व्यक्तियों ने भी इसी प्लॉट को अपना बताते हुए पट्टे के लिए आवेदन किया था। इस मामले की जांच जेडीए में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत सहकारिता निरीक्षक पार्वती के पास थी। उसने राजवीर सिंह के पक्ष में प्लॉट का निर्णय करने की एवज में 5 लाख रुपए मांगे।

राजवीर ने इसकी शिकायत ब्यूरो से की तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश दाधीच व उप अधीक्षक परबत सिंह ने ट्रैप बनाकर उसको पार्वती के पास भेजा। राजवीर ने 4 चार लाख रुपए में सौदा तय कर लिया। पहली किस्त के 50 हजार रुपए देने के लिए राजवीर शुक्रवार सुबह 8.30 बजे पार्वती के मानसरोवर में शिप्रापथ स्थित निवास पर पहुंचा। यहां ब्यूरो की टीम ने पार्वती को गिरफ्तार तो कर लिया, पर काफी देर तक घर की तलाशी के बावजूद रिश्वत के रुपए बरामद नहीं हो पाए। हालांकि ब्यूरो को 20 हजार रुपए नकद, दो प्लाटों के कागजात, हजारों रुपए उधार देने के स्टांप पेपर व कई बैंकों में खातों के कागजात मिले हैं।

दस मिनट लगने से राशि गायब
ब्यूरो के मुताबिक राजवीर ने पार्वती को घूस देने के बाद ब्यूरो को सूचना देने में दस मिनट लगा दिए। इसी दौरान पार्वती ने यह राशि किसी पड़ोसी को दे दी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: