जयपुर. लेखिका तसलीमा नसरीन को गुरुवार रात मुश्किल से जयपुर के एक होटल में मिला ठिकाना भी सुबह होते-होते छिन गया। शुक्रवार सुबह ही होटल छोड़कर
उन्हें दिल्ली की ओर जाना पड़ा। दिन भर अफवाहें चलती रहीं। किसी ने कहा वे दिल्ली गई हैं और किसी ने कहा उन्हें वापस कोलकाता भेजा जा रहा है। देर रात खुलासा यह हुआ कि वे दिल्ली पहुंच गई हैं और राजस्थान हाउस के कमरा नं. 105 में ठहरी हैं। वहां के मैनेजर ने इसकी पुष्टि भी की।
राजस्थान के गृह विभाग ने कहा कि प. बंगाल सरकार ने उन्हें वापस लेने से मना कर दिया है इसलिए राजकीय अतिथि बनाना पड़ा। इसके पहले खबर मिली थी कि वे गुड़गांव और बहरोड़ के बीच ठहरी हुई हैं। इस बीच राज्य ने केन्द्र से हस्तक्षेप करने और तसलीमा की सुरक्षा व प्रवास का इंतजाम करने को कहा है।
इससे पहले शुक्रवार को राज्य सरकार ने तसलीमा नसरीन को कोलकाता भेजने की तैयारी कर ली थी। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6 ई-207 में सवेरे 7.50 बजे का टिकट भी करवा दिया गया। जब स्थानीय अधिकारियों ने उनसे कोलकाता जाने को कहा तो तसलीमा ने अनिच्छा जाहिर कर दी। इस पर पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क साधा गया तो वहां की सरकार ने भी उन्हें अपने यहां बुलाने से साफ इनकार कर दिया।
सेमिनार के बहाने जयपुर भेजा
पश्चिम बंगाल सरकार ने तसलीमा को साहित्यिक सेमिनार के नाम पर जयपुर भेजा था। उनके अचानक जयपुर आने पर जब राज्य के पुलिस महानिदेशक ए.एस. गिल ने पश्चिम बंगाल के डीजी से बात की तो उन्होंने बताया कि वे वहां किसी साहित्यिक सेमिनार में शामिल होने गई हैं। जब यहां इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि उन्हें ऐसे किसी समारोह में बुलाया ही नहीं गया है।
प्रवासी राजस्थानी को सौंपी जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल सरकार ने तसलीमा को जयपुर में ठहराने और उनके खाने-पीने की जिम्मेदारी एक प्रवासी राजस्थानी को सौंपी थी। तसलीमा जब जयपुर आई तो उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करवाकर सी-स्कीम स्थित होटल शिखा में ठहराया गया।
तसलीमा हमारी कस्टडी में : गृहमंत्री
* तसलीमा को राजस्थान पुलिस की सुरक्षा में अज्ञात स्थान पर दिल्ली बॉर्डर के पास रखा गया है। उन्हें राजकीय अतिथि की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पासपोर्ट और वीजा नहीं होने के बारे में हमने केन्द्र सरकार को सूचना दे दी है। तसलीमा और उनके सहयोगी के खिलाफ अवैध रूप से भारत में रहने का मामला दर्ज करने या न करने का क्षेत्राधिकार केन्द्र सरकार का ही है। केन्द्र से निर्देश मिलते ही तसलीमा को तुरंत भेज दिया जाएगा।
-गुलाबचंद कटारिया, गृहमंत्री
खाना ऑर्डर करते ही मैन्यू टीवी पर
तसलीमा गुरुवार रात सी स्कीम के होटल में खाना खा ही रही थी कि उनके खाने का मैन्यू बांग्ला समाचार चैनल पर प्रसारित हो गया। यह देखते ही तसलीमा भड़क गई और होटल के मैनेजर सैमुअल रॉबर्ट्स को बुलाकर फटकार लगाई।
होटल के एक सफाई कर्मचारी के अनुसार लेखिका रॉबर्ट्स का कॉलर पकड़कर उन्हें खिड़की के पास ले गई। वहां ले जाकर लेखिका ने उन पर चिल्ला पड़ी कि ये मीडिया यहां क्या कर रहा है। ये मेरे खाने की सूचना टीवी पर कैसे दिखा रहे हैं। इन्हें किसने बता दिया। इसके बाद नाराज लेखिका ने रात का खाना भी नहीं खाया।