bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

नशे ने कराई देशी-विदेशी जंग

जोधपुर. घंटाघर में स्थानीय लोगों से शुक्रवार को मारपीट करने के बाद गेस्ट हाउस पहुंचे विदेशी पर्यटकों को भीड़ ने घेर लिया। गेस्ट हाउस में काफी देर तक हंगामा नशे ने कराई देशी-विदेशी जंगहुआ जिसे चौकी की पुलिस संभाल नहीं पाई। बाद में अधिकारी मौके पर आए और आरएसी बुला कर भीड़ को वहां से हटाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पर्यटकों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

न्यूजीलैंड के दो पर्यटक क्रिस्टोफर व जेफ्री मकराना मोहल्ला के शिवम गेस्ट हाउस में रुके हुए हैं। शुक्रवार शाम को वे कहीं पर शराब पीने गए। हलक तर करने के बाद होटल पर खाना खाया। शराब के ऐसा नशा चढ़ा कि उन्होंने शर्ट उतार दिए। नई सड़क से घंटाघर होते हुए गेस्ट हाउस जाने लगे। घंटाघर में उन्हें कचरा उठाने वाली ट्रॉली मिल गई। एक पर्यटक ट्रॉली में बैठ गया, दूसरा उसे धक्का देते हुए आगे बढ़ने लगा। नशे में चिल्लाए जा रहे थे।

यह नजारा देखने के लिए उनके पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। चौकी की चढ़ाई पर ट्रॉली उलट गई तो लोगों की हंसी छूट गई। इस पर पर्यटकों को गुस्सा आ गया और दो-चार युवकों को मुक्के जमा दिए। फिर क्या था स्थानीय लोगों को भी गुस्सा आ गया। फिर देसी व विदेशी लोगों में भिड़ंत हो गई।

घंटाघर पुलिस चौकी से एक सिपाही दौड़ा हुआ आया और उन्हें छुड़ाने लगा तो पर्यटकों ने उसे भी पीट दिया। चौकी वालों से पार नहीं पड़ी तब लोगों ने अफसरों को फोन किया। तब तक दोनों पर्यटक गेस्टहाउस में चले गए। गुस्साए लोग भी उनके पीछे गेस्ट हाउस तक पहुंच गए और हंगामा करने लगे।

घंटाघर चौकी के पुलिसकर्मियों से मामला शांत नहीं हुआ तो डीएसपी नारायणसिंह राजपुरोहित, थानाधिकारी दिनेशकुमार व कालूराम मीणा भी वहां पहुंचे। आरएसी बुला कर भीड़ को वहां से हटाया और दोनों पर्यटकों को पकड़ कर पुलिस चौकी ले गए। बाद में उन्हें शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: