News
Metros
Chandigarh Chandigarh मोहाली. फॉर्म में चल रहे उदय कौल के नाबाद 151 रन की मदद से पंजाब ने यूपी के खिलाफ रणजी इलीट ग्रुप मैच के पहले दिन खेल खत्म होने तक 7 विकेट खोकर 324 रन बना लिए। उदय ने इससे पहले आंध्र प्रदेश के खिलाफ पहले मैच में 144 रन बनाए थे। दिन का खेल समाप्त होने तक चरनजीत 29 बना क्रीज पर थे।
एक समय पंजाब की टीम 17 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी, ऐसे में मैदान में उतरे चंडीगढ़ के उदय ने न केवल टीम को संभाला, बल्कि 300 के पार भी पहुंचाया। उदय ने 232 गेंद में 21 चौके लगाए और पीयूष चावला की गेंद पर गली में चौका लगा कर मोहाली के मैदान पर पहला और रणजी ट्रॉफी में तीसरा शतक जमाया। इससे पहले यूपी के कप्तान मोहम्मद कैफ ने टॉस जीत कर पंजाब को बैटिंग करने का न्यौता दिया।
यूपी के तेज गेंदबाज सुदीप ने रवनीत रिकी (3), और सनी सोहल (8) को आउट कर मेजबानों को शुरूआती झटके दिए। इसके बाद करण गोयल (2) को प्रवीण कुमार ने आउट कर पंजाब को तीसरा झटका दिया। इसके बाद कप्तान पंकज धर्माणी ने उदय के साथ चौथे विकेट के लिए 86 रन जोड़ कर पारी को संवारा।
धर्माणी 46 रन बना कर प्रवीण का शिकार बने। यूपी की ओर से प्रवीण ने 4 और सुदीप त्यागी ने 2 विकेट लिए।
मोहाली में शतक की तमन्ना पूरी हुई पंजाब टीम के मिडिल ऑर्डर में उदय कौल एक स्थापित बल्लेबाज की भूमिका में पूरी तरह फिट होते नजर आ रहे हैं। यूपी के खिलाफ नाबाद 151 रन की पारी खेलने वाले उदय के लिए अपने होम ग्राउंड पर शतक जमाने की इ%छा पूरी हो गई।
उदय ने कहा कि मोहाली में शतक बनाना प्रत्येक खिलाड़ी का सपना होता है। चंडीगढ़ के 20 साल के उदय ने कहा कि मेरे लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि टीम को इसकी जरूरत थी और अब हम 324 रन तक पहुंच चुके हैं। उदय ने कहा कि अपनी इस पारी को वे शनिवार को भी आगे जारी रखने की कोशिश करेंगे।