नई दिल्ली.फिरोजशाह कोटला मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम लंच से पहले 276 रन पर ऑल आउट हो गई। पहली पारी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर 45 रनों की बढ़त हासिल की है। पाकिस्तान ने पहली पारी में 231 रन बनाए थे। ताजा समाचार मिलने तक पाकिस्तान ने लंच तक बगैर विकेट खोए 26 रन बना लिए थे। सलमान बट्ट 13 और यासिर हमीद भी 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
भारत की ओर से लक्षमण ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 72 रन बनाए। इससे पहले आज कल के स्कोर 6 विकेट पर 228 रन से आगे खेलते हुए भारतीय बल् लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे कुछ खास नहीं कर पाए। लक्ष्मण ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद कप्तान कुंबले 24 रनों के स्कोर पर कनेरिया के शिकार बने। कुंबले को युनूस खान ने लपक लिया।
कुंबले के बाद बल्लेबाजी करने आए हरभजन सिंह मात्र एक रन बनाकर तनवीर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद जहीर खान और मुनफ पटेल भी जल्दी ही विकेट गंवा बैठे। जहीर खान ने नौ रन बनाए और कनेरिया की गेंद पर शोएब अख्तर के हाथों कैच आउट हो गए। जबकि मुनफ पटेल बगैर खाता खोले कनेरिया की गेंद पर एलबीडब्ल्यू करार दिए गए। विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। पाकिस्तान की ओर से तनवीर ने तीन और कनेरिया ने चार विकेट हासिल किए।