मुंबई. स्टार वाइस ऑफ इंडिया में लुधियाना के इश्मित सिंह ने जीत का परचम फहरा दिया है। बेहद उत्साहित इश्मित ने अपनी जीत को गुरुनानक जयंती का
प्रसाद करार दिया। मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कांप्लैक्स में शनिवार रात हुए रंगारंग कार्यक्रम में लता मंगेशकर व माधुरी दीक्षित ने विजेताओं की घोषणा की।
अमूल स्टार वाइस ऑफ इंडिया में हुए कड़े मुकाबले में ईश्मित ने उत्तरप्रदेश के हर्षित को हराकर 10 लाख रुपए, एक शेवरले कार व बिग म्यूजिक का कांट्रैक्ट हासिल किया है। कार्यक्रम में विशेष तौर पर आई ऊषा मंगेशकर व लता मंगेशकर ने दोनों प्रतियोगियों को खुद की डिजाइन की हुई घड़ियां भेंट कीं। शो के एक अन्य प्रतियोगी आभास को विशेष जूरी अवार्ड तथा अभिलाषा को स्पेशल अवार्ड दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ओम शांति ओम के गाने से हुई। माधुरी दीक्षित ने खुद गाना गाकर लोगों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का संचालन शान ने किया। संगीत व सिने जगत की कई हस्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वाइस ऑफ इंडिया में हुई वोटिंग में साउथ, ईस्ट तथा वेस्ट जोन में हर्षित आगे चल रहे थे, लेकिन अंतिम मौके पर नार्थ जोन के वोटों ने ईश्मित को जीत दिलाकर सबको हैरान कर दिया।