bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

मंत्री के परिवार ट्रस्ट को मुफ्त में जमीन

भीलवाड़ा. राज्य सरकार ने पंचायतीराज मंत्री कालूलाल गुर्जर के पारिवारिक देवनारायण चेरिटेबल ट्रस्ट को कॉलेज खोलने के नाम पर 12 बीघा 7 बिस्वा जमीन पंचायतीराज मंत्री पारिवारिक चेरिटेबल ट्रस्ट मुफ्त में दी है। इसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जाती है। राजस्व विभाग (ग्रुप-3) ने 2 फरवरी, 07 को मांडल में ट्रस्ट को रूपीदेवी गल्र्स कॉलेज खोलने के लिए मुफ्त जमीन देने की मंजूरी दी। विभाग ने इससे पहले आरजी ८७३३ के तहत 9.05 बीघा व आरजी ८७३४ के तहत 3.02 बीघा जमीन का स्वरूप बदला।

तत्कालीन कलेक्टर अजिताभ शर्मा ने 17 फरवरी, 07 को जमीन का आवंटन किया। ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन जयपुर सब रजिस्ट्रार के यहां 7 अप्रैल, 2006 को किया गया। नियमानुसार किसी भी संस्था को रजिस्ट्रेशन के तीन साल बाद ही जमीन दी जा सकती है। गुर्जर के ट्रस्ट को रजिस्ट्रेशन के करीब एक साल बाद ही जमीन दे दी गई।

ट्रस्ट को कीरखेड़ा, धोवनी नाडी, भीलवाड़ा रोड के पास जमीन मिली है। मंत्री की पत्नी सरोजदेवी गुर्जर की अध्यक्षता वाले आठ सदस्यीय ट्रस्ट में चार सदस्य उनके परिवार के ही हैं। इनके अलावा ट्रस्ट में एक पीए, एक प्रिंसिपल, प्रिंसिपल का भाई व अन्य हैं। श्रीमती गुर्जर जिला परिषद सदस्य व कृषि उपज मंडी की निदेशक भी हैं।

थाने के लिए प्रस्तावित थी : यह जमीन पहले मांडल पुलिस स्टेशन के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन सरकार ने इसे थाने को आवंटित नहीं किया। राजनीतिक दबाव में तत्कालीन एसपी ने 31 अक्टूबर, 2006 को एनओसी दी।

हाईकोर्ट में रिट दायर
मांडल की ही वनश्री प्रयोगशाला संस्था ने 3 अक्टूबर, 2001 को कलेक्टर कार्यालय में आरजी नंबर ८७३३ से ८७३५ में 15 बीघा जमीन के लिए आवेदन किया था। संस्था वहां औषधीय पौधे लगा अनुसंधान करना चाहती थी। संस्था के ताराशंकर जोशी का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें जमीन नहीं दी गई। इस संबंध में उन्होंने जोधपुर हाईकोर्ट में भी रिट दायर की है। कोर्ट ने राज्य सरकार, कलेक्टर, तहसीलदार व ट्रस्ट अध्यक्ष को नोटिस जारी किए हैं।

कलेक्टर बोले..
* शिक्षण संस्थाओं के लिए नि:शुल्क जमीन आवंटन का अधिकार सरकार के पास है। तीन साल के रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता नहीं है, बशर्ते कि उद्देश्य एवं शर्तो की पालना सुनिश्चित हो।
- हेमंत गेरा, जिला कलेक्टर

ट्रस्ट में कौन?
नाम - पद - मंत्री से रिश्ता
सरोज देवी गुर्जर - अध्यक्ष - पत्नी
सुनीता पत्नी रमेश गुर्जर - उपाध्यक्ष - पुत्री
प्रियंका - कोषाध्यक्ष - पुत्री
टीना पत्नी चेतन गुर्जर - सचिव - पुत्री
सत्यनारायण पुत्र भगवतीलाल शर्मा- सदस्य - पीए
ज्योति पुत्री दयानंद वर्मा- -व्यवस्थापक प्रिंसिपल
सौरव पुत्र दयानंद वर्मा - सदस्य - प्रिंसिपल का भाई
संदीप पुत्र एम.एल.चौबे- सदस्य ——

पंचायतीराज मंत्री कालूलाल गुर्जर से बातचीत
* प्रश्न: क्या देवनारायण चेरिटेबल ट्रस्ट आवंटन से 10 माह पहले ही रजिस्टर्ड हुआ?
जवाब: हां। चेरिटेबल ट्रस्ट में तीन साल पहले से रजिस्टर्ड की अनिवार्यता नहीं है।

* ट्रस्ट में अधिकांश सदस्य आपके परिवार के हैं?
कोई भी हो सकता है तो मेरा परिवार क्यूं नहीं?

* अन्य संस्थाओं ने ट्रस्ट से पहले एप्लाई किया, फिर भी उन्हें जमीन नहीं मिली?
पहले इन्हीं संस्थाओं को जमीन आवंटित हुई थी, लेकिन निर्धारित राशि जमा नहीं होने पर आवंटन निरस्त कर दिया गया। मेरे ट्रस्ट को बाद में जमीन आवंटित हुई।

* आप पर राजनीतिक प्रभाव के इस्तेमाल का आरोप है?
नहीं मैंने कोई दबाव नहीं बनाया। नियमानुसार आवंटन हुआ है। हमने तो गर्ल्स एजुकेशन के लिए सहयोग किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: