HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

ट्रेन की जेसीबी से टक्कर

रायपुर. भीड़भरे पंडरी इलाके में छोटी लाइन की ट्रेन और जेसीबी की टक्कर की खबर से सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। क्रासिंग ट्रेन की जेसीबी से टक्करके नजदीक रहने की वजह से ट्रेन की रफ्तार कम थी, इसलिए करीब डेढ़ सौ मुसाफिर बाल-बाल बचे। घायल सहायक ड्राइवर अरविंद कुमार देवांगन (30), जेसीबी के ड्राइवर रामलाल यादव (30) और मुसाफिर कार्तिक राम (22) को अस्पताल में भर्ती किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधा दर्जन और मुसाफिरों को चोटें आईं, लेकिन वे चले गए।

एडीआरएम एके जगन्नाथन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस भी पता लगा रही है कि आखिर जेसीबी ट्रेन से कैसे टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देवेंद्रनगर में निर्माणाधीन आरडीए के मल्टीप्लेक्स से निकला मलबा जेसीबी मशीन से छोटी लाइन ट्रैक के किनारे फेंका जा रहा था। हादसे का शिकार हुई पैसेंजर दोपहर 12.05 बजे रायपुर से धमतरी के लिए निकली। यह ट्रेन शहर से काफी कम रफ्तार से गुजरती है। ट्रेन जेसीबी के करीब पहुंची, तब तक किसी को हादसे का अंदेशा नहीं था।

सूत्रों के अनुसार बिलकुल करीब पहुंचते ही जेसीबी का लोडर अचानक घूमा और तेजी से इंजन से जा टकराया। इंजन के कुछ हिस्से को चीरता हुआ यह निकल गया, लेकिन टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि इंजन और इससे लगी बोगी पटरी से उतर गई। तीन और बोगियां क्षतिग्रस्त हुई। हादसे की आवाज से काफी दूर से लोग ट्रेन तक पहुंच गए। उन्होंने फौरन पुलिस को खबर दी और इंजन तथा जेसीबी में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा।

ट्रेनें कैंसिल : हादसे से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। इंजन और ट्रेन को खींचकर लोको शेड लाया गया। ट्रैक को सुधारकर आने-जाने लायक बनाने में रेलवे इंजीनियरों को पांच घंटे लगे, लेकिन एहतियातन आज की सारी ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं। रविवार की सुबह की एक ट्रेन रद्द रहेगी।

रेलवे ने लिखाई रिपोर्ट : इधर, रेलवे की ओर से ट्रेन के गार्ड एपी आचार्य ने जेसीबी के ड्राइवर रामलाल के खिलाफ देवेंद्रनगर थाने में रिपोर्ट लिखाई है। घायल ड्राइवर पर लापरवाही से जेसीबी चलाकर दुर्घटना की धारा 279 और 337 लगाई गई हैं।

जेसीबी जब्त : मल्टीप्लेक्स बनाने वाली कंपनी गुप्ता कंस्ट्रक्शंस के कर्मचारियों ने अपनी क्रेन लगाकर क्षतिग्रस्त जेसीबी किनारे की। बाद में पुलिस ने इसे जब्त कर थाने के पास रखवा दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: