अजमेर. ख्वाजा साहब की दरगाह के विकास के लिए खादिमों का सहयोग भी लिया जाएगा। उनकी समस्याओं की सुनवाई के लिए दरगाह कमेटी के एक सदस्य को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी दिक्कतों के समाधान के लिए कमेटी भी कोशिश करेगी।
दरगाह कमेटी के सदर नवाब मोहम्मद अब्दुल अली ने शनिवार को खबरनवीसों से बातचीत में कहा, सदस्यों का मानना है किदरगाह और जायरीन की सुविधाओं के संबंध में खादिमों को नकार कर काम नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि दरगाह हितों को देखते हुए कमेटी सदस्यों और खादिमों को सही तरह से काम करने की जरूरत है। सदस्य मोहम्मद इलियास कादरी कमेटी सदस्यों और खादिमों के बीच समन्वय बनाने का कार्य करेंगे। अतिक्रमण के मामले पर अली ने कहा कि कमेटी खादिमों को इसके लिए मनाने का प्रयास करेगी।
नहीं मिली सुरक्षा योजना
सदर अली ने कहा कि दरगाह सुरक्षा राज्य सरकार का मुद्दा है। राज्य सरकार ने अब तक दीर्घकालीन सुरक्षा योजना नहीं दी है। योजना मिलने के बाद केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय को फंड के लिए लिखा जाएगा।
कमेटी के पास बजट और संसाधन सीमित हैं, इसके चलते सुरक्षा के संबंध में अभी कोई नया कदम नहीं उठा रहे हैं। जनवरी या फरवरी में होने वाली अगली बैठक में सुरक्षा के संबंध में कुछ बजट प्रावधान किए जाएंगे। मुस्लिम पंचायतों और संस्थाओं के जिम्मेदारों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर भी कमेटी गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही कोई एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि ख्वाजा मॉडल स्कूल में चल रहे निर्माण कार्र्यो को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। किसी नए निर्माण के लिए अभी कोई निर्णय नहीं किया गया है।