अजमेर/जयपुर. प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में अब छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही नौकरी मिल सकेगी। इसके लिए मौजूदा शिक्षा सत्र में बैंकिंग और इंश्योरेंस के नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। छात्र नियमित पढ़ाई के साथ ही इन पाठ्यक्रमों में भी दाखिला ले सकेंगे। चयनित कॉलेजो में अजमेर का राजकीय महाविद्यालय और सोफिया कॉलेज शामिल हैं।
बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए सरकार और आईसीआईसीआई बैंक के बीच इसी माह एक समझौता होने जा रहा है। इसके तहत बैंक के अधिकारी खुद कॉलेज शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए तैयार करेंगे। शुरुआती दौर में 20 कॉलेजों का चुनाव किया गया है, जहां ये पाठ्यक्रम शुरू होंगे। कॉलेजों में नियमित पढ़ाई कर रहे सैकंड और थर्ड ईयर के छात्र इस पाठ्यक्रम में दाखिला ले पाएंगे। बैंक में ही विभिन्न पदों पर योग्यतानुसार नियुक्ति मिलेगी।
कॉलेजों में बनेंगे ई-लर्निंग सेंटर
जिन कॉलेजों में ये कोर्स चलेंगे वहां ई-लर्निंग सेंटर बनाए जाएंगे। वहां कंप्यूटर, फर्नीचर, इंटीरियर सहित सभी प्रकार की व्यवस्था बैंक अपने खर्च पर करेगा। बैंक अधिकारी पाठ्यक्रम के लिए कॉमर्स शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। छात्रों के नियमित टेस्ट होंगे।
* अब कॉलेजों में छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। फिलहाल पाठ्यक्रम के लिए 20 कॉलेजों का चुनाव हुआ है। प्रयास होगा कि अधिकतम छात्रों को इसका फायदा मिले।
—पी.के. गोयल आयुक्त, कॉलेज शिक्षा
* बैंक फैकल्टी की ट्रैनिंग के बाद दिसंबर मध्य तक ये पाठ्यक्रम शुरू कर देगा। कोर्स करने के बाद योग्य छात्रों की रिकूटिंग सिस्टम के जरिए विभिन्न पदों पर नियुक्तियां होंगी।
—हरीश भार्गव, चीफ मैनेजर आईसीआईसीआई बैंक