बीकानेर. जामसर और खारा के बीच में ट्रक और पिकअप गाड़ी की भिड़ंत होने से तीन जनों की मौत हो गई और दो जने घायल हो गए। मरने वालों में लूणकरणसर
पुलिस थाने का कांस्टेबल भी शामिल है।
कांस्टेबल मनफूलाराम बिश्नोई (41), सरदारशहर में राजलवाड़ा गांव निवासी राजकुमार गोदारा (25), आडसर निवासी पप्पू उर्फ सुनील जाट (30), राधेश्याम व मनीराम जाट पिकअप गाड़ी में सवार होकर लूणकरणसर से बीकानेर आ रहे थे। शनिवार को सुबह करीब पांच बजे जामसर और खारा के बीच में एक ट्रक और पिकअप गाड़ी में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप गाड़ी चकनाचूर हो गई और उसमें सवार कांस्टेबल मनफूलाराम, राजकुमार व पप्पू जाट की मौके पर ही मौत हो गई और राधेश्याम व मनीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक में सवार चालक व खलासी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर जामसर पुलिस थाना एसएचओ भूराराम खिलेरी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों का मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। लूणकरणसर पुलिस थाने के कांस्टेबल ओमसिंह की ओर से जामसर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
प्राथमिकी में बताया गया है कि वह जीप में सवार होकर मुकदमे में फरार चल रहे पूर्ण बावरी की तलाश में बीकानेर की ओर आ रहा था। जामसर और खारा के बीच में उसके आगे चल रही पिकअप गाड़ी को सामने से आ रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी जिससे पिकअप में सवार तीन जनों की मौत हो गई। ट्रक में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घायल पप्पू को अस्पताल ले जाते समय हुई दुर्घटना
उदासर चारणान निवासी पप्पू उर्फ सुनील जाट (30) अपने गांव से पिकअप गाड़ी में मूंगफली की बोरियां भरकर रवाना हुआ था। कालू गांव के पास उसकी गाड़ी पलट गई और वह घायल हो गया। राधेश्याम, मनीराम जाट व राजकुमार गोदारा एक अन्य पिकअप गाड़ी में उसे लेकर लूणकरणसर में डॉक्टर के पास गए। डॉक्टर ने घायल पप्पू को पीबीएम अस्पताल ले जाने के लिए कहा। पप्पू को लूणकरणसर थाने ले जाया गया जहां से कांस्टेबल मनफूलाराम को इन लोगों के साथ पीबीएम अस्पताल के लिए रवाना किया गया। पप्पू को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जामसर और खारा के बीच में दुर्घटना हो गई।