पंचकूला. क्रिकेट को और ज्यादा रोमांचक और लोकप्रिय बनाने के लिए आईसीएल नियमों में बदलाव की तैयारी में है। आईसीएल आईसीसी के बोरिंग क्रिकेट नियमों को बदलने की योजना बना रहा है। नए नियमों का खुलासा 30 नवंबर से होने वाले टूर्नामेंट के दौरान किया जाएगा।
यह बात कपिल देव ने शनिवार को पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉ?प्लेक्स में कही। कपिल देव यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे रहे थे। कपिल ने कहा कि वे यहां की पिच से बेहद खुश हैं। कपिल के मुताबिक बीसीसीआई से नाता टूटने के बाद पीसीए या अन्य मैचों में न बुलाए जाने का उन्हें कोई मलाल नहीं है।
युद्धस्तर पर तैयारियां जैसे-जैसे टूर्नामेंट के दिन नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे स्टेडियम की तैयारियों में तेजी आ रही है। शनिवार को फ्लड लाइट के पोल लगने शुरू हो गए। कपिल ने कहा कि रविवार तक फ्लड लाइट्स के पोल खड़े कर दिए जाएंगे। कपिल ने बताया कि सभी टीमों के प्लेयर्स चेन्नई, गुड़गांव और हैदराबाद में प्रैक्टिस कर रहे हैं। सभी टीमें 27 नवंबर को चंडीगढ़ पहुंच जाएंगी।
लारा को लेकर संदेह बरकरार
इस माह के अंत से शुरू हो रहे इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) में वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा के खेलने को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। लारा ने आईसीएल में खेलने का अनुबंध किया है और आईसीएल सूत्रों के अनुसार वे मुंबई चैंप्स टीम से खेलेंगे।
आईसीएल कार्यकारी बोर्ड के चयरमैन कपिल देव ने कहा है कि लारा वेस्टइंडीज से रवाना हो चुके हैं और उनके यहां पहुंचने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। कपिल ने एक सवाल के जवाब में इतना ही कहा कि लारा अपने देश से रवाना हो चुके हैं।
शाहरुख खान को आमंत्रित करेंगे:
कपिल ने बताया कि आईसीएल टूर्नामेंट में शाहरुख खान को आमंत्रित किया जाएगा। शाहरुख जैसे व्यस्त अभिनेता कुछ समय निकाल सकें, तो हम उनका आईसीएल में स्वागत करेंगे।