Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मॉडलिंग वल्र्ड की अधिकतर सुंदरियां रैंप को सिनेमा स्क्रीन तक पहुंचने का आसान जरिया मानती हैं। मॉडलिंग और विज्ञापन जगत से बॉलीवुड में पहुंचने वाली एक्ट्रेसेज की संख्या में हाल के वर्षो में इजाफा हुआ है। कई मॉडल एक्ट्रेस तो कुछ असफल फिल्मों का हिस्सा बनकर गुमनामी के अंधेरे में खो गईं तो कुछ अपने संजीदा अभिनय और मादक सौंदर्य के बल पर लंबी पारी खेलने को तैयार हैं।
मॉडलिंग की दुनिया से बॉलीवुड में एंट्री करने वाली कुछ खास सुंदरियों पर नजर..
विदेशी बाला याना गुप्ता
चेक मूल की याना सिनकोवा मॉडलिंग जगत का बड़ा नाम रही हैं। भारतीय पेंटर सत्यकाम गुप्ता से विवाह के बाद उन्हें याना गुप्ता नाम मिला। मैक्सिम, कास्मोपॉलिटन और फैमिना जैसी फैशन मैगजींस के कवर पेज पर स्थान पा चुकीं याना ने कई कॉस्मेटिक और सॉफ्ट ड्रिंक के प्रमोशंस के लिए काम किया। 2001 में जब लक्मे कॉस्मेटिक्स ने लिजा रे के स्थान पर याना को अपना न्यू फेस बनाया था तो वे एकाएक चर्चा का केंद्र बन गई थीं। लक्मे के अलावा नीविया और सेवनअप के एड में वे नजर आईं।
किंगफिशर के कैलेंडर के लिए भी याना ने मॉडलिंग की। अच्छी हिंदी नहीं जानने के कारण याना को बॉलीवुड में सीमित अवसर ही मिले। ‘दम’ फिल्म के आइटम सांग ‘बाबूजी जरा धीरे चलो’ के अलावा वे दो अन्य फिल्मों के आइटम नंबर का भी हिस्सा रही हैं। कुछ कन्नड़ और तमिल फिल्मों में भी वे किस्मत आजमा चुकी हैं। कुछ टीवी शोज में एंकर की भूमिका में भी वे नजर आई हैं।
डिंपल गर्ल प्रिटी जिंटा
शिमला में जन्मीं प्रिटी की छवि चुलबुली एक्ट्रेस की है। गालों पर बनते डिंपल्स उनके लुक में चार चांद लगाते हैं। बॉलीवुड में एंट्री से पहले प्रिटी विज्ञापन फिल्मों में काम किया करती थीं। बरसों पहले लिरिल सोप के एड के जरिए उन्होंने सबका ध्यान आकर्षित किया। इस विज्ञापन में फ्रॉक पहनकर झरने के नीचे नहाती प्रिटी का खिलंदड़पन हर किसी को भा गया।
उनकी खूबसूरती से मशहूर निर्देशक मणिरत्नम भी प्रभावित हुए बिना नहीं रहे। मणि ने उन्हें शाहरुख के अपोजिट ‘दिल से’ में साइन किया। अपनी पहली ही फिल्म में जोरदार अभिनय कर प्रिटी ने साबित कर दिया कि वे बॉर्न एक्टर हैं। बला की खूबसूरत प्रिटी हर फिल्म में अपने परफॉर्मेस को इम्प्रूव कर बॉलीवुड की टॉप -3 एक्टर्स की दौड़ में शामिल हैं। कोई मिल गया, वीर जारा, क्या कहना, सोल्जर और दिल चाहता है जैसी कामयाब फिल्में उनके नाम हैं।
रोल सिलेक्शन के मामले में 31 वर्षीय प्रिटी बेहद साहसी हैं। कैरियर के शुरुआती दौर में ही ‘क्या कहना’ में गर्भवती युवती का रोल स्वीकार कर उन्होंने बड़ा जोखिम उठाया, जो उनके लिए कामयाबी भरा साबित हुआ।
खालिस हिंदुस्तानी लुक विद्या बालन
25 वर्षीय विद्या बालन का न केवल लुक पुराने जमाने की अभिनेत्रियों जैसा है, बल्कि अभिनय के मामले में भी बेहद परिपक्व हैं। केरल में जन्मी विद्या ने 15 वर्ष की कच्ची उम्र में ही ग्लैमर की दुनिया में प्रवेश कर लिया था। वे सर्फएक्सेल सहित करीब 25 लोकप्रिय ब्रांड्स के विज्ञापन में आईं।
बॉलीवुड में दक्षिण भारत का झंडा बुलंद करने वाली विद्या ने हिंदी फिल्मों में कैरियर की शुरुआत प्रदीप सरकार की ‘परिणीता’ से की। पहली ही फिल्म में विद्या अपने सौम्य लुक और संजीदा अभिनय से छा गईं। इसके बाद उन्होंने ‘लगे रहे मुन्ना भाई’, ‘गुरु’ और ‘एकलव्य’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।
वाटर गर्ल लिजा रे
बंगाली पिता और पोलिश मूल की मां की संतान लिजा भारतीय फैशन जगत का मशहूर चेहरा हैं। लेक्मे, स्प्राइट, मटीज, मोंटेकालरे और गार्डन सहित कई मशहूर ब्रांड्स का हिस्सा रहीं लिजा ने आफताब शिवदासानी के अपोजिट नाकाम फिल्म ‘कसूर’ से हिंदी फिल्मों में पदार्पण किया। दीपा मेहता की फिल्म ‘वाटर’ में भी वे काम कर चुकी हैं। टोरंटो में पली-बढ़ी लिजा तमिल फिल्मों में भी किस्मत आजमा चुकी हैं। ग्रेट लुक्स और फैमिना जैसी फैशन मैगजींस के कवर पेज को चमका चुकीं लिजा की फिल्मी पारी अब तक कोई बड़ी सुर्खियां नहीं बटोर सकी है।
नई सनसनी दीपिका पादुकोण
महान बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण की लाड़ली दीपिका को अगली ऐश्वर्या राय कहा जा रहा है। रैंप पर कैटवॉक करते हुए दीपिका ने बहुत कम समय में ही बॉलीवुड में जगह बनाई है। क्लोजअप और लिम्का के विज्ञापन में वे देखी जा चुकी हैं। सब जूनियर लेवल पर राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खेल चुकीं दीपिका ने मॉडलिंग की खातिर खेल को छोड़ा और कम समय में ही बड़ा नाम कमाया।
शाहरुख खान की होम प्रोडक्शन ‘ओम शांति ओम’ से कैरियर का आगाज दीपिका के लिए लकी साबित हुआ है। इस फिल्म में अपने लुक और अभिनय से दीपिका ने साबित कर दिया कि वे महज मोम की गुड़िया नहीं हैं। पुराने जमाने की अभिनेत्री के अपने रोल को उन्होंने जिस खूबसूरती से जिया वह वाकई काबिलेतारीफ है। वैसे ‘ओएसओ’ से पहले कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ में भी दीपिका काम कर चुकी हैं।