HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

1 दिसं. से ‘मिशन उस्ताद’

मुंबई.हाल ही में धूमधाम से शुरू हुए जनरल एंटरटेनमेंट चैनल ‘9 एक्स’ पर 1 दिसंबर से एक नई रूपरेखा वाला म्यूजिकल शो ‘मिशन उस्ताद’ शुरू होगा। हर शुक्रवार रात 9.00 बजे प्रसारित होने वाले इस शो से बतौर जज ए.आर. रहमान, जावेद अख्तर और लारा दत्ता तथा बतौर प्रतियोगी प्रसिद्ध गायकों की चार जोड़ियां- रूप कुमार राठौड़ व सोनाली राठौड़, कैलाश खेर व महालक्ष्मी अय्यर, वसुंधरा दास व मोहित चौहान, नरेश अय्यर व श्वेता पंडित हिस्सा लेंगी। इस शो की कई विशेषताएं हैं।

सारी जोड़ियां ‘उस्ताद जोड़ी’ के रूप में विजेता बनने के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा तो करेंगी, पर कोई जोड़ी आउट नहीं होगी। ये गायक अपने गाए हुए हिट गानों के अलावा हर हफ्ते दी हुई थीम विशेष पर तैयार की गई अपनी-अपनी कंपोजिशन भी सुनाएंगे। इसमें विजेताओं के अलावा हारी हुई जोड़ियों को भी एक निश्चित इनामी राशि मिलेगी। और सबसे बड़ी बात.. परफॉर्मर्स द्वारा जीती हुई राशियां और दर्शकों के एसएमएस से चैनल को प्राप्त रकम जन कल्याण के कामों के लिए ‘यूएन मिलेनियम डेवलपमेंट गोल्स’ को दान कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि सन् 2000 में संयुक्त राज्य के मिलेनियम सम्मेलन में भारत सहित 192 देशों ने शपथ ली थी कि 2015 तक वे अपने-अपने देश से भोजन, आवास, शिक्षा, पेयजल, चिकित्सा आदि मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान खोज लेंगे। इसी को नाम दिया गया ‘यूएन मिलेनियम डेवलपमेंट गोल्स’। भारत में इससे संबंधित 18 संस्थाएं सरकारी सहभागिता के साथ कार्यरत हैं।

‘9 एक्स’ की संस्थापक और सीईओ इंद्राणी मुखर्जी ने ‘दैनिक भास्कर’ से हुई बातचीत में कहा- ‘हमें इस बात का बेहद गर्व है कि हम ‘मिशन उस्ताद’ के नाम से न सिर्फ देशवासियों का भरपूर मनोरंजन करेंगे, बल्कि ‘यूएन मिलेनियम गोल्स’ के बारे में देशव्यापी जागरूकता फैलाकर समाज के प्रति अपना सक्रिय योगदान भी देंगे।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: