नई दिल्ली:भारत पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौंथे दिन जीत से 32 रन दूर है। खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने के वक्त 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसने 3 विकेट खोकर 171 रन बना लिए थे। गांगुली 48 और सचिन तेंडुलकर 32 रन पर अविजित थे।
फिरोजशाह कोटला में खेले जा रहे इस टेस्ट का चौंथा दिन पूरी तरह से सौरव गांगुली के नाम रहा। उन्होंने पहले गेंद से कमाल दिखाते हुए एक ही ओवर में डेंजरमैन मिसबाह उल हक और मो. सामी को चलता पाक की विशाल लीड लेने की संभावनाओं को खत्म किया। इसके बाद जब वे खेलने के लिए उतर तो भारत थोड़े अंतराल में जाफर और द्रविड़ के विकेट खोकर संकट में फंसता नजर आ रहा था। पहली पारी की असफलता को पीछे छोड़ते हुए गांगुली ने शुरु से ही तेज बल्लेबाजी कर टीम पर कोई दबाव नहीं बनने दिया। उन्होंने 61 गेंदों पर 48 रन बनाए। इसमें 8 चौके शामिल हैं।
उधर, सचिन ने दूसर छोर से विकेट पर डंटे रहकर 86 गेंदों पर शांत 32 रन की पारी खेली। सचिन-गांगुली की लय देखते हुए यह साफ है कि पांचवा दिन महज औपचारिक ही होगा। सचिन ने आज ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज एलन बोर्डर की रनसंख्या को 11,174 को पार कर लिया है। अब वे वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के बाद टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसर खिलाड़ी बन गए हैं।