नई दिल्ली.
पॉप सिंगर दलेर सिंह मेंहदी ने पंजाब कांग्रेस के एक नेता के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मेंहदी ने आरोप लगाया है कि उक्त नेता ने धमकी दी थी पार्टी के नेताओं की छवि खराब करने वाले गाने पर वह देलर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। उल्लेखनीय है कि दलेर मेंहदी ने विगत 27 अक्टूबर को लुधियाना में कई स्थानीय राजनीतिज्ञों की मौजूदगी में कुछ ऐसे गाने गाए थे जो कुछ लोगों को नागवार गुजरे थे।
दलेर ने अपनी शिकायत में लुधियाना कांग्रेस की कानूनी शाखा के अध्यक्ष राणा हरजस दीप सिंह को आरोपी बनाते हुए कहा है कि उन्होंने 31 अक्टूबर को एक राष्ट्रीय दैनिक अखबार को दिए गए इंटरव्यू में कहा था कि वे दलेर को कोर्ट में घसीटेंगे।
दलेर के वकील ने बताया कि दलेर के खिलाफ दिए गए इस इंटरव्यू से दलेर की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है। दलेर का कहना है कि उन्होंने अपने गाने में किसी भी कांग्रेसी नेता का नाम नहीं लिया था।
गौरतलब है मेंहदी का नाम आज से चार साल पहले कबूतरबाजी के मामले में भी आया था। उस वक्त कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री थे। मेंहदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता उनके गाने की गलत व्याख्या कर पब्लिक में उनकी छवि को खराब कर रहे हैं।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार जांगला ने दलेर की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सुनवाई के लिए 12 दिसंबर की तारीख तय की है।