Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

सिटी बस रूट के लिए दिया जाएगा ठेका

बिलासपुर. सिटी बस के बकाया तीन रूटों के लिए सोमवार को टेंडर प्रक्रिया होगी। इसके लिए अब तक चार आवेदन मिल चुके हैं। कल तक इनकी संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

दिसंबर महीने से शहर में सिटी बस सेवा शुरू कराने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत सात रूट पर 14 बस चलाई जानी हैं। इसके पहले 19 नवंबर को हुए ठेके के दौरान एक, दो और तीन नंबर रूट के लिए किसी ने आवेदन नहीं किया था।

सात रूटों में से चार के लिए ही आवेदन मिले थे। रूट नंबर चार सेंदरी से चकरभाठा, रूट पांच नर्मदा नगर चौक, रेलवे स्टेशन होते हुए दोबारा नर्मदा नगर चौक, रूट नंबर छह बस स्टैंड, नर्मदा नगर चौक, रूट नंबर सात बस स्टैंड अपोलो अस्पताल के लिए ठेका दे दिया है। जिन तीन रूटों के लिए ठेका होना बाकी है, उनमें रूट नंबर एक पावर हाउस तोरवा से कानन पेंडारी, रूट क्रमांक दो रेलवे स्टेशन से मोपका और रूट नंबर तीन बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी शामिल हैं।

इन मार्गो के लिए निविदा आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर तय की गई है। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार निविदा आवेदन नेहरू चौक पर स्थित उद्यमिता विकास केंद्र कार्यालय में उपलब्ध हैं। टेंडर 26 को दोपहर दो बजे तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद ठेका देने की कार्रवाई की जाएगी। एक अनुमान के अनुसार सिटी बस आपरेटरों को मासिक पास और विज्ञापनों से 50 हजार रुपए तक मासिम इनकम होगी। बस के लिए बैंक लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सिटी बस आपरेटर 15 प्रतिशत मार्जिन मनी जमा कर ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अब तक चार लोगों ने ही आवेदन किए हैं। कल तक आवेदनों की संख्या बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आवेदन लेने के बाद कल शाम पांच बजे टेंडर खोले जाएंगे। योजना के तहत शर्तो का पालन करने वाले आवेदकों को कल ही ठेका दे दिया जाएगा। जिला प्रशासन का मानना है कि शहर में सिटी बस चलने से आम लोगों को आने-जाने की सुविधा मिलने के साथ ही शहर में ट्रैफिक पर भी काफी हद तक नियंत्रण होगा।

इसके पीछे तर्क है कि काफी कम दाम पर आना-जाना होने की वजह से लोग निजी वाहनों का उपयोग कम करेंगे। इससे शहर की सड़कों पर भीड़ कम होगी। प्रशासन इस महीने के अंत तक ठेका प्रक्रिया पूरी करने के बाद अगले महीने से बसों को सड़कों पर दौड़ाना शुरू करने के लिए प्रयासरत है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: