|
इंदौर. सांवेर उपचुनाव में भाजपा पार्षदों की भूमिका तय करने के लिए आयोजित बैठक में प्रदेश मंत्री बाबूसिंह रघुवंशी द्वारा पार्षदों पर कमीशनखोरी का आरोप लगाने पर बवाल मच गया। भड़के पार्षदों ने उन्हें आड़े हाथों लिया और प्रदेश संगठन महामंत्री माखनसिंह के सामने विरोध दर्ज कराने का ऐलान भी किया। महापौर को भी कह दिया श्री रघुवंशी किसी बैठक में होंगे तो हम नहीं आएंगे।
रविवार सुबह 10 बजे पार्टी कार्यालय, जावरा कंपाउंड में बुलाई बैठक में अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा के साथ कुछ पदाधिकारी और ज्यादातर पार्षद मौजूद थे। शुरुआत में ही श्री रघुवंशी ने पार्षदों के कामकाज पर टीका-टिप्पणी की और बोले- आपका काम मैदान में कहीं नजर नहीं आ रहा है, सिवाय कमीशन खाने के। 10 लाख के काम पर एक लाख रुपए कमीशन लेते हो। श्री गुप्ता ने एक-दो बार टोंका तब भी वे नहीं रूके।
टिप्पणियां जारी रही तो विष्णुपुरी क्षेत्र के पार्षद भागचंद सैनी ने खड़े होकर कहा आप गलत बोल रहे हैं। कोई सबूत हो तो नाम लेकर बताएं। आप जैसे बड़े नेता को ऐसा कहना शोभा नहीं देता। फिर पार्षद सुमनलता वर्मा बोलीं आप तथ्यहीन बात कर रहे हैं। इसके बाद सारे पार्षद विरोध करने लगे और मांग की श्री रघुवंशी अपने शब्द वापस लें लेकिन वे अड़े रहे। यहां तक बोले जिसे बुरा लगना हो लगे। आगे भी ऐसी कोई बात ध्यान आएगी तो कहने से परहेज नहीं करूंगा।
नगर अध्यक्ष हस्तक्षेप करते तब तक मामला बहुत बिगड़ गया था। पार्षदों ने महापौर से कहा वे भविष्य में श्री रघुवंशी की मौजूदगी में होने वाली किसी भी बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने महापौर से उनके आचरण पर आपत्ति दर्ज कराने की बात भी कही। फिर संगठन महामंत्री से मिलकर विरोध दर्ज कराना तय किया।