|
इंदौर. मकान पर कब्जे को लेकर तीन लोगों ने एक व्यक्ति को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला।
मृतक का नाम तेजराम रामरतन भूरिया (40) निवासी जगन्नाथनगर, एरोड्रम रोड है। टीआई नवरतनसिंह के मुताबिक मोहल्ले में ही दो पुराने मकान के कब्जे को लेकर उसका यहीं रहने वाले गोपाल से लंबे समय विवाद चल रहा था। तेजराम का कहना था दोनों मकान उसके हैं और वह किसी को देना नहीं चाहता।
इधर, गोपाल का कहना था उसके पास मकान के कागजात हैं। शनिवार रात दोनों का इसी को लेकर विवाद हुआ था। बाद में कुछ लोगों ने सुलह करा दी। इसके बाद दोनों ने अपने साथियों के साथ शराब पी और घर चले गए।
रविवार सुबह 7 बजे तेजराम गाय को चारा खिला रहा था, तभी गोपाल अपने रिश्तेदार गज्जू और बाबू पटेल के साथ आया और फिर मकान की बात को लेकर विवाद करने लगा। इस पर तेजराम ने कुछ कहा तो तीनों उसे घसीटते हुए बाहर लाए और लाठियों से बहुत पीटा। फिर उसी हालत में पटककर भाग निकले।
गंभीर हालत में लोग उसे अरबिंदो अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने गोपाल, गज्जू और बाबू के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। तीनों की तलाश की जा रही है।