|
अजमेर. सेशन कोर्ट के आसपास दो दिन से उत्पात मचा रहे आस्ट्रेलियाई युवक को रविवार शाम पुलिस ने पकड़ लिया। मानसिक रोगी होने के शक में उसे
अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भर्ती कर लिया।
पुलिस की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। इस बारे में पुलिस ने आस्ट्रेलियाई दूतावास को सूचित कर दिया है। डीएसपी शिल्पा चौधरी ने बताया कि सेशन कोर्ट परिसर के बाहर शनिवार शाम से से उत्पात मचा रहे आस्ट्रेलिया के निवासी विलियम गियरार को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसकी हरकतों से वह मानसिक रोगी प्रतीत होता है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चैकअप के बाद उसे नशे का आदी और मानसिक रोगी करार दिया।
एसपी एस सेंगाथिर के आदेश से उसे जेएलएन के मानसिक रोग विभाग में भर्ती करवा दिया गया है। आस्ट्रेलिया दूतावास में विदेशी के बारे में सूचना दे दी गई है। वहां से निर्देश मिलने पर उसे जयपुर मानसिक रोग अस्पताल रैफर किया जाएगा। विदेशी को मेंटल हैल्थ एक्ट की धारा 23 के तहत सोमवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रात भर चलाए पटाखे
विलियम चार दिन पहले पुष्कर पहुंचा था, जहां वह सुख पैलेस होटल में ठहरा था। होटल में भी उसकी हरकतों के कारण उसे होटल से निकाल दिया गया था। पुष्कर में भटकने के बाद वह शनिवार शाम को बस से अजमेर पहुंच गया। बस स्टैंड के सामने उसने ट्रैफिक गुमटी पर करीब दो घंटे तक उत्पात मचाया, बाद में रात भर कोर्ट के सामने पटाखे फोड़े।