News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. कांग्रेस विधायकों ने राज्य में अराजक स्थिति का हवाला देते हुए विधानसभा सचिवालय में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना दे दी। इस पर सत्र समापन पूर्व चर्चा संभव है।
विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा के कक्ष में कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। यहां अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। सचिवालय को इसकी सूचना देने विधायकों से हस्ताक्षर करवाए गए। सूचना पर 25 विधायकों ने हस्ताक्षर किए। बैठक में 9 विधायक नहीं पहुंचे जिनमें सत्यनारायण शर्मा, रामचंद्र सिंहदेव, महंत रामसुंदर दास, योगेश्वर राज सिंह, गुलाब सिंह, ओंकार शाह व रामपुकार सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस विधायकों ने राय मशविरा कर शीत सत्र के लिए शुक्रवार तक की रणनीति भी तय की। बताया गया है कि उन्होंने मंगलवार को प्रश्नकाल के बाद सड़क निर्माण के लिए पीडब्लूडी और निजी कंपनी के संयुक्त उपक्रम के गठन और एमओयू कर कंपनी को करीब हजारों करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाने का मामला उठाने का निर्णय लिया है। इस मुद्दे पर जमकर हंगामा के आसार हैं।
इसके अलावा कंटेनर में ग्रामीणों को भरकर पलायन करवाने, रोजगार गारंटी घोटाला और कवासी लखमा प्रकरण भी जोर शोर से उठाने की तैयारी है। बैठक में प्रमुख रूप से कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भूपेश बघेल, डा. रेणु जोगी, नंदकुमार पटेल, कवासी लखमा, रविन्द्र चौबे, धनेन्द्र साहू, ताम्रध्वज साहू, उदय मुदलियार, राजकमल सिंघानिया, मो. अकबर, धर्मजीत सिंह, डा. हरिदास भारद्वाज उपस्थित थे।