नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का देश के युवा क्रिकेटरों के प्रति दुराग्रह एक बार फिर खुलकर सामने आया है। बोर्ड ने आईसीएल से जुड़े
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दरवाजे खुले होने की बात कही है, जबकि देश के अन्य युवा क्रिकेटरों के बारे में उसका अड़ियल रवैया अब भी कायम है। उधर, बोर्ड ने यह स्पष्ट करने से साफ इनकार कर दिया है कि फिल्म अभिनेता शाहरुख खान आईपीएल टीम की फ्रेंचाइजी खरीदने की होड़ में शामिल हैं या नहीं।
लारा का होगा स्वागत : बोर्ड की इस बैठक में हिस्सा लेने के बाद उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि 30 नंवबर से शुरू हो रहे आईसीएल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में खेलने आए वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा के लिए आईपीएल का दरवाजा खुला है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आईसीएल में खेलने का अनुबंध कर चुके देशी क्रिकेटरों के बारे में बोर्ड के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है और उनके लिए दरवाजा बंद कर दिया गया है।
शाहरुख के मामले में अभी खुलासा नहीं : बीसीसीआई उपाध्यक्ष व आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने सोमवार को कहा कि मैं यह नहीं कह सकता कि शाहरुख खान ने आईपीएल टूर्नामेंट के लिए टीम फ्रेंचाइजीका आवेदन किया है या नहीं। फ्रेंचाइजी के बारे में मीडिया में अटकलबाजियां चरम पर हैं, लेकिन हम अभी किसी भी नाम का खुलासा नहीं कर सकते।
निविदा अगले माह : आईपीएल ट्वेंटी-20 में हिस्सा लेने वाली क्रिकेट टीमों की फ्रेंचाइजी के लिए बोर्ड अगले सप्ताह निविदा जारी करेगा। इसके लिए उद्यमियों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। मोदी बोर्ड की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कोच की नियुक्ति शीघ्र : बोर्ड की बैठक में बीसीसीआई सचिव निरंजन शाह ने कहा कि टीम इंडिया के कोच की नियुक्ति के लिए 22 आवेदन आए हैं जिनके बारे में विचार कर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोच चयन समिति की बैठक हो यह आवश्यक नहीं है। हम टेलीकांफ्रेंस के जरिए भी कोच का चयन कर सकते हैं।