HomeNewsNational National

कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन को संसद की हरी झंडी

नई दिल्ली. संसद ने सोमवार को कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा के आरोपों से आहत पूर्व प्रधानमंत्री तथा जनता दल (एस) प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने सदन में अपने ‘अंतिम भाषण’ सुने जाने की भावुक अपील कर डाली।

लोकसभा ने कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन लगाने का प्रस्ताव पारित किया और तुरंत बाद राज्यसभा ने भी उसे हरी झंडी दे दी। गृहमंत्री शिवराज पाटील ने कहा कि राज्य विधानसभा को यथाशीघ्र भंग कर दिया जाएगा।

लोकसभा में चर्चा के दौरान देवेगौड़ा तब व्यथित हो गए जब भाजपा सदस्यों ने उन्हें ‘सत्ता का भूखा’ और ‘दगाबाज’ बताया।

उन्होंने मीडिया में उन्हें ‘बैक बेंचर’ कहे जाने का उल्लेख करते हुए लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी से पिछली पंक्ति से ही बोलने की अनुमति मांगी। भाजपा सदस्यों के शोर के बीच देवेगौड़ा ने कहा, ‘कृपया मुझे बोलने दीजिए। यह मेरा अंतिम भाषण हो सकता है।’ इस पर चटर्जी ने कहा, ‘नहीं.नहीं मैं आपको यहां रोककर रखूंगा।’

पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप : अपने घंटेभर के भाषण में देवेगौड़ा ने ‘कर्नाटक के एक पूर्व मुख्यमंत्री’ पर अपनी पार्टी को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने गृहमंत्री पाटील से कथित नेता की कर्नाटक यात्रा पर खुफिया रिपोर्टे देखने को कहा।

जनता दल (एस) में बगावत के आसार
बेंगलूर. कर्नाटक विधानसभा के भंग होने की पृष्ठीभूमि तैयार होने के साथ ही जनता दल (एस) में बड़े पैमाने पर बगावत के आसार पैदा हो गए हैं। पार्टी के प्रमुख नेता और कई विधायक देवेगौड़ा व उनके पुत्रों की कार्यशैली से खफा हैं।

कार्यसमिति का बहिष्कार : तुमकुर जिले से विधायक केएन राजन्ना ने 29 नवंबर को प्रदेश जद (एस) कार्यसमिति की बैठक का बहिष्कार की घोषणा की है।

प्रकाश बने विद्रोही नेता : कार्यसमिति की बैठक से दूर रहने की घोषणा कर चुके पूर्व उपमुख्यमंत्री एमपी प्रकाश जद (एस) के विद्रोहियों के नेता बनकर उभरे हैं। उन्हें कम से कम 30 विधायकों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने 28 नवंबर को ‘समान विचारों’ वाले लोगों की बैठक बुलाई है।

* मैं ऐसी पार्टी में नहीं रहूंगा जहां न तो आंतरिक लोकतंत्र है और न अभिव्यक्ति की आजादी।
एमपी प्रकाश, पूर्व उपमुख्यमंत्री व लिंगायत नेता (हुबली में)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: