इंदौर. नेहरू पार्क में सोमवार शाम सूटकेस में बम होने की सूचना के बाद कुछ देर के लिए सनसनी फैल गई। शाम 6 बजे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि पार्क में एक सूटकेस पड़ा है जिसमें विस्फोटक हो सकता है।
इसके चलते पुलिस हरकत में आ गई। बम डिस्पोजल स्क्वाड प्रभारी अशोककुमार द्विवेदी पुलिस अमले के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक वहां मौजूद लोग घबरा गए। कुछ तो पार्क से बाहर चले गए जबकि कुछ लोगों ने वहां मजमा लगा लिया।
जांच में पता चला कि सूटकेस में बम नहीं है। इसके बाद उसे खोला गया तो उसमें किसी व्यक्ति के कपड़े, शेविंग बॉक्स, कैंची और छुटपुट सामान निकला। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। आशंका है कोई व्यक्ति सूटकेस भूल गया या शरारत के इरादे से ऐसी हरकत की।