भोपाल. सावधान, राजधानी में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो आपको सोने की नकली ईंट थमा कर लाखों रुपए का चूना लगा सकता है। ऐसा करने के लिए वह
आपके मोबाइल पर फोन करके बताएगा कि उसे मकान की खुदाई में सोने की ईंट मिली है, जिसे वह सस्ते दामों में आपको बेचना चाहता है। ऐसे ही एक झांसे में आकर एक ट्रांसपोर्ट संचालक को चार लाख रुपए गंवाने पड़े हैं।
मामला: ऐशबाग पुलिस के मुताबिक पंजाबी बाग निवासी परमजीत सिंह (55) ट्रांसपोर्ट संचालक हैं। उन्होंने थाने में शिकायत की है कि करीब पच्चीस दिन पहले उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया था। उसका कहना था कि मकान की खुदाई में उन्हें सोने की ईंट मिली हैं, जिन्हें वह सस्ते में बेचना चाहते हैं। इसे लेकर उनकी उस व्यक्ति से कई बार फोन पर बात हुई। बातों में आकर परमजीत सिंह उक्त व्यक्ति से प्रभात चौराहे पर दो-तीन बार मिले भी। इस बीच व्यक्ति ने उन्हें सोने की ईंट से काटकर ढाई ग्राम वजनी सोने का टुकड़ा जांच कराने के लिए दिया। श्री सिंह ने सुनार से जब उसे टुकड़े की जांच कराई तो वह असली सोना निकला। इस पर श्री सिंह ईंट खरीदने को तैयार हो गए।
दो नवंबर को वे चार लाख रुपए लेकर प्रभात चौराहे पहुंचे। वहां उन्हें वह व्यक्ति तीन अन्य लोगों के साथ मिला। उसने कपड़े में लपेटकर करीब दो किलो वजनी सोने की ईंट श्री सिंह को दी और उनसे चार लाख रुपए ले लिए। उसका कहना था कि वह अपने एक साथी को छोड़कर जा रहा है, ईंट का वजन कराने के बाद बाकी रकम उन्हें दे दें। जब श्री सिंह ईंट का वजन करा रहे थे, तभी मौका देखकर दूसरा व्यक्ति भी गायब हो गया। उसके जाने के बाद श्री सिंह ने उसकी तलाश नहीं की। दूसरे दिन उन्होंने सुनार की दुकान पर ईंट की जांच कराई तो उनके होश उड़ गए। उन्हें बताया गया कि ईंट नकली सोने की है।
शिकायत: चार लाख रुपए गंवाने के बाद उन्होंने उक्त मोबाइल नंबर का पता किया। नंबर वल्लभगढ़, हरियाणा निवासी मुबीन खां के नाम था। जब श्री सिंह ने उक्त नंबर पर चार लाख रुपए वापस करने की बात की तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोमवार को परमजीत सिंह ऐशबाग थाने पहुंचे थे। पुलिस ने उनकी शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।