बीकानेर. शादी के मौके पर ही दहेज मांगने के आरोप में गिरफ्तार दूल्हे को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को दूल्हे के पिता व भाई को भी गिरफ्तार किया है।
महिला पुलिस थाने के एसएचओ मनीराम ने बताया कि रिमांड अवधि खत्म होने पर दूल्हे संजु उर्फ रितेश को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केन्द्रीय कारागृह भेज दिया गया है। पुलिस ने सोमवार को दूल्हे के पिता सुभाषचन्द्र सिडाना व भाई हैप्पी उर्फ नेरश को भी गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग बीकानेर में ही थे। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरोप है कि रॉयल गार्डन में ऐन मौके पर लड़के वालों ने दहेज मांगा जिससे दोनों पक्षों में विवाद हो गया और शादी नहीं हो सकी। बाद में दूल्हा संजु, उसके पिता सुभाषचन्द्र, भाई हैप्पी, मां व बहिन के खिलाफ महिला पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई। पुलिस ने 22 नवंबर को दूल्हे को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था।