नई दिल्ली.
टीम इंडिया में ग्रेग चैपल के स्थान पर नए कोच के चयन को लेकर जारी ड्रामे से पर्दा उठने ही वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) ने अप्रत्याशित ढंग से दक्षिण अफ्रीका पूर्व सलामी बल्लेबाज गैरी क्रिस्टन के नाम को लगभग मंजूरी दे दी है। इसकी औपचारिक घोषणा अगले सप्ताह हो सकती है।
क्रिस्टन ने सोमवार को कोच के चयन के लिए गठित समिति के समक्ष इंटरव्यू दिया। इसमें सुनील गावस्कर, रविशास्त्री, एस.वेंकटराघवन, बीसीसीआई के संयुक्त सचिव, एमपी पांडव, खजांची एन श्रीनिवासन और सचिव निरंजन शाह शामिल थे।
बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस बात की पुष्टि की कि क्रिस्टन का सोमवार को दिल्ली में इंटरव्यू लिया गया है। यहां हुए किसी भी निर्णय की औपचारिक घोषणा एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा बोर्ड प्रमुख शरद पवार ने दस दिन के भीतर ही नए कोच का नाम तय करने को कहा है। उनकी इस भावना को ध्यान में रखते हुए कोच चयन समिति अपनी प्रक्रिया तेज कर दी है। ऑस्ट्रेलिया के दौरे के पहले हर हाल में भारतीय टीम के पास एक कोच होगा।
इस साल मार्च में वेस्टइंडीज में खेले गए विश्वकप में भारतीय टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कोच ग्रेग चैपल ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। तब से यह पद खाली ही पड़ा।
सोमवार को क्रिस्टन के इंटरव्यू को मीडिया से छुपाया गया था। इस कारण पहले ग्राहम फोर्ड और जॉन एंबूरी के नामों को लेकर मीडिया में मचे अनावश्यक हल्ले की पुनरावृत्ति रोकना था।
बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि क्रिस्टन का नाम लगभग तय हो गया है, लेकिन बोर्ड तमाम नियम और शर्तो पर विचार करने के बाद ही इस बाबद कोई घोषणा करना चाहता है।